संजू सैमसन को लेकर चयन समिति के लिए सिरदर्द, गावस्कर ने दिया प्लेइंग-11 में शामिल करने का सुझाव

Sunil Gavaskar: सुनील गावस्कर ने कहा कि संजू सैमसन को एशिया कप में प्लेइंग 11 से बाहर नहीं रखा जा सकता। उन्हें तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी का मौका मिलना चाहिए, टीम प्रबंधन के लिए यह चुनौती होगी।
India vs South Africa: खिताबी मुकाबले में संजू सैमसन की हुई वापसी, बने अभिषेक शर्मा के जोड़ीदार
संजू सैमसन (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Sunil Gavaskar on Sanju Samson: एशिया कप 2025 की शुरुआत 9 सितंबर से हो रही है। एशिया कप के लिए भारतीय टीम दुबई पहुंच गई है। वहीं इस टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन की तारीफ करते हुए भारत के महान खिलाड़ी सुनील गावस्कर ने कहा कि संजू को एशिया कप में प्लेइंग 11 से बाहर नहीं रखा जा सकता है।

सुनील गावस्कर एशिया कप में संजू सैमसन को अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल के बाद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए देखना चाहते हैं।गिल के उपकप्तान बनते ही यह तो तय हो गया है कि वो ही पारी का आगाज करेंगे। ऐसे में टीम प्रबंधन के सामने अब  मुश्किल फैसला है कि सैमसन को अंतिम एकादश में रखा जाए या उनके लिए शीर्ष तीन में जगह बनाई जाए या फिर जितेश शर्मा को खिलाया जाए जो फिनिशर की भूमिका से निभा सकते हैं।

संजू सैमसन को लेकर चयन समिति की बढ़ी सिरदर्द

गावस्कर ने 9 सितंबर से यूएई में शुरू होने वाले टूर्नामेंट से पहले कहा कि अगर आप संजू सैमसन जैसे खिलाड़ी को कोर टीम में लेते हैं तो आप उन्हें रिजर्व में नहीं छोड़ सकते। हां, मुझे लगता है कि किसी भी चयन समिति के लिए यह एक बहुत बड़ा सिरदर्द है कि आपके पास दो काबिल बल्लेबाज हों और संजू सैमसन जैसा कोई खिलाड़ी हो जो शायद तीसरे नंबर पर भी बल्लेबाजी कर सके और जरूरत पड़ने पर छठे नंबर पर ‘फिनिशर' के तौर पर उतर सके।

जितेश ने भी किया है अच्छा प्रदर्शन

गावस्कर ने कहा कि जितेश ने आईपीएल में भी अच्छा प्रदर्शन किया है जहां वह बहुत अच्छा खेले। मुझे लगता है कि यह दौरे की चयन समिति के लिए एक सुखद सिरदर्द है। हालांकि, उन्होंने कहा कि सैमसन को कम से कम कुछ मैच तो मिलेंगे ही। भारत 10 सितंबर को यूएई के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेगा।

पहले कुछ मैचों में संजू को मिलेगा मौका

उन्होंने कहा कि लेकिन मुझे लगता है कि शायद सैमसन को कम से कम पहले कुछ मैचों के लिए जितेश से पहले मौका मिल जाएगा। फिर बाकी टूर्नामेंट में उनकी फॉर्म पर निर्भर करेगा। लेकिन मुझे लगता है कि ऐसा ही होगा। तिलक वर्मा और कप्तान सूर्यकुमार यादव हाल के वर्षों में आमतौर पर तीसरे और चौथे नंबर पर खेलते रहे हैं तो सैमसन को शीर्ष क्रम में कैसे जगह मिल सकती है, अगर वह मध्य क्रम में नहीं खेल रहे हैं जो उनकी पसंदीदा जगह नहीं है।

तिलक निभा सकते हैं फिनिशर का रोल

गावस्कर ने कहा कि इसलिए मुझे लगता है कि शायद वे उन्हें (सैमसन) तीसरे नंबर पर और तिलक को पांचवें या छठे नंबर पर फिनिशर के रूप में रखने के बारे में सोच रहे होंगे। क्योंकि हार्दिक (पंड्या) भी टीम में हैं। इसलिए हार्दिक शायद फिर से पांचवें या छठे नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे। गावस्कर का मानना है कि रिंकू सिंह या शिवम दुबे में से किसी एक को बाहर बैठना पड़ सकता है।

रिंकू और शिवम को मौके के लिए करना होगा इंतजार

उन्होंने कहा कि अक्षर पटेल के भी इस टीम में बाएं हाथ के बल्लेबाज के रूप में खेलने की संभावना है और वह चार ओवर अच्छी गेंदबाजी भी कर सकते हैं। ऐसा लगता है कि रिंकू और शिवम जैसे बल्लेबाजों को मौका मिलने से पहले थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है। उन्हें लगता है कि अक्षर पटेल और कुलदीप यादव शुरूआत करने वाले दो स्पिनर हैं और तीसरे विशेषज्ञ तेज गेंदबाज हर्षित राणा को टीम में जगह मिल जाएगी।

बुमराह के वर्कलोड को लेकर कोई दिक्कत नहीं

उन्होंने कहा आगे कहा कि मुझे लगता है कि वे आठवें नंबर तक बल्लेबाजी नहीं बढ़ाएंगे और गेंदबाजों पर ध्यान देंगे। शायद आठवें नंबर पर कुलदीप और फिर नौवें, दसवें, ग्यारहवें नंबर पर, आपके तीन तेज गेंदबाज होंगे। गावस्कर ने यह भी स्पष्ट किया कि जसप्रीत बुमराह को कार्यभार संबंधित कोई समस्या नहीं होगी क्योंकि वह प्रति मैच केवल चार ओवर ही गेंदबाजी करेंगे और वह भी दो या तीन स्पैल में। (भाषा इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com