बुरे समय में एक दूसरे के साथ खड़े रहते हैं : अर्शदीप सिंह

Arshdeep Singh
PIC: Arshdeep Singh/Twitter
Published on: 
Updated on: 

मेलबर्न: अर्शदीप सिंह ने जब एशिया कप के दौरान पाकिस्तान के खिलाफ एक कैच छोड़ दिया था तो उनकी रातों की नींद उड़ गयी थीं लेकिन टीम के स्वस्थ माहौल ने इस युवा भारतीय तेज गेंदबाज को इससे आगे बढ़ने में मदद की जिससे वह टी20 विश्व कप में चिर प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ मैच का रूख बदलने वाला प्रदर्शन करने में सफल रहे।  पिछले महीने में एशिया कप के सुपर चार मैच में कैच छोड़ने से उन्हें काफी आलोचना झेलनी पड़ी थी जिसमें से कुछेक ने तो उन्हें ‘खालिस्तानी' भी कह दिया था। 

अर्शदीप ने रविवार को यहां विश्व कप के शुरूआती मैच में पाकिस्तान पर चार विकेट की रोमांचक जीत के बाद मीडिया से कहा, ‘‘टीम का माहौल इतना अच्छा है कि हम बाहर की बातों का असर अंदर नहीं पड़ने देते। हम एक दूसरे के साथ का आनंद लेते हैं, बुरे समय में एक दूसरे के लिये खड़े होते हैं। इससे मदद मिलती है।'' अर्शदीप ने पाकिस्तान के फॉर्म में चल रहे बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान को आउट कर भारत को शानदार शुरूआत करायी। दो महीनों के अंदर दो दबाव भरे मैचों में चुनौती से निपटने के बारे में पूछने उन्होंने कहा, ‘‘अगर आप अपने खेल का लुत्फ उठाते हो तो चुनौती नाम की कोई चीज नहीं होती।''

उन्होंने कहा, ‘‘हम अपने क्रिकेट का आनंद लेते हैं और जैसा कि मैंने कहा कि टीम का माहौल वाकयी अच्छा है। हम अपने खेल को बहुत पसंद करते हैं और जब आप खेल का आनंद लेना शुरू कर देते हो तो कोई चुनौती नहीं रहती।'' मानसिक रूप से मजबूत होने के लिये क्या अतिरिक्त चीज की, उन्होंने कहा, ‘‘मैंने कुछ भी चीज अतिरिक्त नहीं की, मैं हर चीज को सरल रखने की कोशिश करता हूं। मैं ज्यादा नहीं सोचता।'' (एजेंसी)

Navbharat Live
navbharatlive.com