आईसीसी रैंकिंग में तीसरे स्थान पर पहुंची स्मृति मंधाना, हरमनप्रीत ने भी बरक़रार रखी अपनी पोजीशन

भारत की उप-कप्तान स्मृति मंधाना मंगलवार को जारी महिलाओं की नई आईसीसी एकदिवसीय रैंकिंग में एक पायदान के सुधार के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गयी हैं। मंधाना के नाम 738 रेटिंग अंक है और वह वनडे प्रारूप में भारत की शीर्ष रैंकिंग वाली बल्लेबाज है।
आईसीसी रैंकिंग में तीसरे स्थान पर पहुंची स्मृति मंधाना
स्मृति मंधाना (सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

मुंबई: भारत की उप-कप्तान स्मृति मंधाना मंगलवार को जारी महिलाओं की नई आईसीसी एकदिवसीय रैंकिंग में एक पायदान के सुधार के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गयी हैं। मंधाना के नाम 738 रेटिंग अंक है और वह वनडे प्रारूप में भारत की शीर्ष रैंकिंग वाली बल्लेबाज है। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने इस सूची में अपना नौवां स्थान बरकरार रखा है।

श्रीलंका की दिग्गज बल्लेबाज चमारी अट्टापट्टू तीसरे से चौथे स्थान पर खिसक गयी जबकि टीम की उनकी साथी बल्लेबाज नीलाक्षिका डी सिल्वा (तीन पायदान ऊपर 32वें), हर्षिता समरविक्रमा (आठ स्थान के सुधार के साथ 44वें) और कविशा दिलहारी (चार स्थान के सुधार के साथ 50वें पायदान) ने अपनी रैंकिंग में सुधार किया।

समरविक्रमा और गैबी लुईस को फायदा

मंधाना टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में अपने चौथे स्थान का बचाव करने में सफल रही। समरविक्रमा और आयरलैंड की सलामी बल्लेबाज गैबी लुईस करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग हासिल करने में सफल रहे। श्रीलंका और आयरलैंड के बीच खेले गये दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय में 44 गेंद में 65 रन बनाने वाली समरविक्रमा तीन स्थान के सुधार के साथ 13वें तो वहीं 75 गेंद में 119 रन की मैच जिताऊ पारी खेलने वाली लुईस चार स्थान के सुधार के साथ 21 स्थान पर पहुंच गयी। लुईस इससे पहले जुलाई 2022 में इस रैंकिंग पर पहुंची थी।

अक्टूबर में होगा महिला टी-20 विश्व कप

महिला टी-20 विश्व कप 2024 की शुरुआत 3 अक्टूबर से यूएई में होने जा रही है। इस मेगा आईसीसी इवेंट से पहले भारतीय महिला टीम 28 सितंबर को वेस्टइंडीज और 30 सितंबर को बांग्लादेश के खिलाफ अपने अभ्यास मैच खेलेगी। विश्व कप में टीम इंडिया का पहला मैच 4 अक्टूबर को न्यूजीलैंड से होगा। भारतीय टीम हाल ही में श्रीलंका में हुए एशिया कप में एक्शन में दिखी थी। टीम इंडिया का प्रदर्शन भी काफी जबरदस्त रहा था। लेकिन अंततः फाइनल में उसे मेजबान श्रीलंका के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।

-एजेंसी इनपुट के साथ

Navbharat Live
navbharatlive.com