स्मृति मंधाना ने रचा इतिहास, T20Is में ऐसा करने वाली भारत की पहली खिलाड़ी बनी

Smriti Mandhana: स्मृति मंधाना ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। वो भारत के लिए टी20 क्रिकेट में 4000 रन पूरे करने वाली पहली खिलाड़ी बन गई है।
Smriti Mandhana Scripts History
स्मृति मंधाना (फोटो-सोशल मीडिया)
Updated on

Smriti Mandhana Scripts History: भारतीय महिला और श्रीलंका महिला टीम के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली जा रही है। इस सीरीज के पहले मुकाबले में स्मृति मंधाना ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। भारत की सलामी बैटर स्मृति मंधाना टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 4000 रनों का आंकड़ा पार करने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बन गई है। वहीं वो सबसे तेज 4000 रन पूरे करने वाली दुनिया की पहली महिला खिलाड़ी बन गई है।

श्रीलंका के विरुद्ध एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए पहले मुकाबले के दौरान स्मृति मंधाना ने 25 गेंदों में 25 रनों की पारी खेली। इसी पारी के साथ वो टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 4000 रन पूरा करने में कामयाब रही। स्मृति मंधाना 154 टी20 मुकाबलों की 148 पारियों में 29.90 की औसत के साथ 4,007 रन बना चुकी हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 1 शतक और 31 अर्धशतक निकले हैं।

महिला T20I में सबसे ज़्यादा रन

  • 4716 - सूज़ी बेट्स
  • 4007 - स्मृति मंधाना
  • 3654 - हरमनप्रीत कौर
  • 3473 - चमारी अटापट्टू
  • 3431 - सोफी डिवाइन

महिलाओं के टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स के नाम है, जिन्होंने 177 मुकाबलों में 29.11 की औसत के साथ 4,716 रन बनाए हैं। सूजी इस फॉर्मेट में 1 शतक और 28 अर्धशतक लगा चुकी हैं। इस लिस्ट में हरमनप्रीत कौर तीसरे पायदान पर हैं, जिन्होंने 183 मुकाबलों में 3,600 से ज्यादा रन बनाए हैं। हरमनप्रीत टी20 फॉर्मेट में एक शतकीय पारी भी खेल चुकी हैं।

स्मृति सबसे तेज 4000 रन पूरे करने वाली खिलाड़ी बनी

टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में स्मृति मंधाना ने 4000 रनों का आंकड़ा सबसे कम गेंदों में पार किया। मंधाना ने 3227 गेंदों में 4000 रनों का आंकड़ा पार किया। जबकि न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स ने 4000 रनों तक पहुंचने के लिए 3675 गेंदों का सामना की थी। टी20 इंटरनेशनल में स्मृति मंधाना सबसे तेज 4000 रन पूरा करने वाली दुनिया की पहली महिला खिलाड़ी बन गई है। वहीं इस आंकड़े को पार करने वाली दूसरी महिला खिलाड़ी बन गई है।

मुकाबले का हाल

इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम ने निर्धारित ओवरों में 6 विकेट खोकर 121 रन बनाए। श्रीलंका की तरफ से विश्मी गुणरत्ने ने 43 गेंदों में 39 रन की पारी खेली। उनके अलावा, हसिनी परेरा ने 20 रन बनाए। हर्षिता माधवी ने 21 रन टीम के खाते में जोड़े। भारत की तरफ से क्रांति गौड़, दीप्ति शर्मा और श्री चरणी ने 1-1 विकेट हासिल किया। जवाब में भारतीय टीम ने मुकाबले को महज 15वें ओवर में ही जीत लिया। जेमिमा रोड्रिग्स ने नाबाद 69 रनों की पारी खेली।

Navbharat Live
navbharatlive.com