

Jasprit Bumrah Ruled Out Of Sri Lanka Test Series: भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह चोट के कारण श्रीलंका के खिलाफ होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में शामिल किया गया है।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इसकी जानकारी दी। बोर्ड के मुताबिक, बुमराह अपने बाएं घुटने की चोट से समय पर पूरी तरह फिट नहीं हो सके, इसलिए वह श्रीलंका दौरे पर नहीं जा पाएंगे। उन्हें यह चोट इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान लगी थी। बुमराह का बाहर होना भारतीय टीम के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
जसप्रीत बुमराह की जगह घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे आकिब नबी को मौका मिला है। जम्मू-कश्मीर के इस तेज गेंदबाज ने रणजी ट्रॉफी में अपनी टीम को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने पिछले सीजन में 60 विकेट लिए थे, जबकि पिछले दो रणजी सीजन में उनके नाम कुल 104 विकेट दर्ज हैं।
आकिब हाल ही में श्रीलंका दौरे पर गई भारत ए टीम का भी हिस्सा थे। वहां उन्होंने दो मुकाबलों में छह विकेट लेकर चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा था। अब उन्हें पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में जगह मिली है और उनके पास अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खुद को साबित करने का बड़ा मौका होगा।
आकिब नबी का घरेलू रिकॉर्ड भी शानदार रहा है। उन्होंने 43 फर्स्ट क्लास मैचों में 18 की औसत से 162 विकेट लिए हैं। इस दौरान उन्होंने 16 बार एक पारी में पांच या उससे अधिक विकेट लेने का कारनामा किया। वहीं, लिस्ट-ए क्रिकेट में 36 मैचों में 56 विकेट उनके नाम हैं। घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छे प्रदर्शन के बाद लंबे समय से उन्हें भारतीय टेस्ट टीम में शामिल करने की मांग की जा रही थी।
भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 15 अगस्त से गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। दूसरा टेस्ट 23 अगस्त से कोलंबो में होगा। सीरीज से पहले भारतीय टीम 7 अगस्त से श्रीलंका इलेवन के खिलाफ तीन दिवसीय अभ्यास मैच भी खेलेगी। भारतीय फैंस इस सीरीज लाइव टेलीकास्ट सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकेंगे।