ODI ऑलराउंडरों की लिस्ट में जिम्बाब्वे के रजा बने 'सिकंदर', अफगानिस्तान के दो खिलाड़ियों को पछाड़ा

Sikandar Raza Becomes No. 1 All-Rounder In ODIs: सिकंदर रजा वनडे में वर्ल्ड के नंबर-1 ऑलराउंडर बन गए हैं। उन्होंने अफगानिस्तान के दो खिलाड़ियों को पीछे छोड़कर यह कारनामा किया है।
ODI ऑलराउंडरों की लिस्ट में जिम्बाब्वे के रजा बने 'सिकंदर', अफगानिस्तान के दो खिलाड़ियों को पछाड़ा
सिकंदर रजा (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Sikandar Raza Becomes No. 1 All-Rounder In ODIs: आईसीसी ने ताजा रैंकिंग जारी कर दी है। वनडे में ऑलराउंडरों की सूची में जिम्बाब्वे के स्टार ऑलराउंडर सिकंदर रजा को दो पायदान का फायदा हुआ है। वो अब वनडे में ऑलराउंडरों की सूची में शीर्ष पर पहुंच गए हैं। सिकंदर रजा ने श्रीलंका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया, जिसका फायदा उन्हें मिला।

39 वर्षीय सिकंदर रजा के नाम 302 रेटिंग अंक है। रजा ने पिछले सप्ताह हरारे में श्रीलंका के खिलाफ खेले गए दो वनडे मैचों में अपने बल्लेबाजी से प्रभावित किया था। रजा ने 29 अगस्त को पहले वनडे में श्रीलंका के खिलाफ 92 रनों की पारी खेली थी। वहीं दूसरे वनडे में वह 59 रन बनाकर नाबाद रहे। पहले वनडे में गेंदबाजी करते हुए एक विकेट भी लिया।

अफगानिस्तान के इन दो खिलाड़ियों को छोड़ा पीछे

सिकंदर रजा ने अफगानिस्तान के अजमतुल्लाह उमरजई और मोहम्मद नबी को पीछे छोड़कर शीर्ष पर पहुंच गए हैं। अजमतुल्लाह उमरजई 296 रेटिंग अंक के साथ दूसरे नंबर पर खिसक गए हैं। वहीं मोहम्मद नबी 292 अंकों के साथ तीसरे नंबर पर हैं। रजा की शानदार बल्लेबाजी के बदौलत उन्हें बल्लेबाजी रैंकिंग में भी फायदा हुआ है। वो अब 9 स्थान की छलांग लगाकर 22वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

वनडे ऑलराउंडर रैंकिंग की लिस्ट

रैंक टीम खिलाड़ी का नाम रेटिंग करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग (मैच विवरण)
1 ज़िम्बाब्वे सिकंदर रज़ा 302 302 बनाम श्रीलंका, हरारे, 2025
2 अफग़ानिस्तान अजमतुल्लाह उमरजई 296 296 बनाम ऑस्ट्रेलिया, लाहौर, 2025
3 अफग़ानिस्तान मोहम्मद नबी 292 350 बनाम आयरलैंड, ग्रेटर नोएडा, 2017
4 बांग्लादेश मेहदी हसन मिराज़ 249 295 बनाम भारत, मीरपुर, 2022
5 न्यूज़ीलैंड माइकल ब्रेसवेल 246 246 बनाम पाकिस्तान, बे ओवल, 2025
=6 न्यूज़ीलैंड मिशेल सेंटनर 238 309 बनाम इंग्लैंड, क्राइस्टचर्च, 2018
=6 अफग़ानिस्तान राशिद खान 238 352 बनाम पाकिस्तान, अबूधाबी, 2018
8 स्कॉटलैंड ब्रैंडन मैकमुलेन 235 247 बनाम नीदरलैंड, स्कॉटलैंड, 2025
9 भारत रवींद्र जडेजा 220 372 बनाम ज़िम्बाब्वे, बुलावायो, 2013
10 न्यूज़ीलैंड रचिन रवींद्र 216 230 बनाम भारत, दुबई, 2025

हालांकि मोहम्मद नबी वनडे ऑलराउंडर रैंकिंग में नीचे खिसक गए हैं, लेकिन इस हफ्ते उन्होंने टी20 ऑलराउंडर की रैंकिंग में नंबर 1 की दौड़ में मजबूती से कदम बढ़ाया है। अब वह भारत के हार्दिक पंड्या के बाद दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।  मोहम्मद नबी ने इस हफ्ते शारजाह में खेले गए त्रिकोणीय सीरीज़ (अफ़ग़ानिस्तान, यूएई और पाकिस्तान के बीच) में तीन मैचों में चार विकेट लिए।

वहीं उनके साथी खिलाड़ी इब्राहीम जदरान ने टी20 अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाजी रैंकिंग में 12 स्थान की छलांग लगाकर 20वें स्थान पर जगह बनाई। उन्होंने 63 (40 गेंद) और 65 (45 गेंद) की दो शानदार पारियां खेलीं। पाकिस्तान के सुफयान मुकीम भी टी20 गेंदबाजी रैंकिंग में 11 स्थान ऊपर चढ़कर 22वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com