गिल ने राहुल द्रविड़ को छोड़ा पीछे, इंग्लैंड में ऐसा करने वाले पहले भारतीय बने

इंग्लैंड में शुभमन गिल ने एक और उपलब्धि हासिल कर ली है। वो इंग्लैंड में एक टेस्ट सीरीज में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़ दिया है।
gill breaks dravid records
Updated on

लॉर्ड्स: भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी में भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया है। गिल इंग्लैंड में भारत के लिए एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़ते हुए इतिहास रचा है।

लॉर्ड्स टेस्ट के दूसरी पारी में 2 रन बनाते ही शुभमन गिल ने यह उपलब्धि अपने नाम की। गिल के अब तीन मैचों की 6 पारियों में 607 रन हो गए हैं। वहीं 2002 में भारत के इंग्लैंड दौरे पर द्रविड़ ने चार मैच खेले और छह पारियों में कुल 602 रन बनाए। इस टेस्ट के पहली पारी में 16 रन बनाने वाले गिल को दूसरी पारी में द्रविड़ का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए सिर्फ़ दो रनों की ज़रूरत थी और उन्होंने ब्रायडन कार्स द्वारा फेंके गए 13वें ओवर की आखिरी गेंद पर दो रन बनाकर यह कारनामा किया।

इंग्लैंड में एक टेस्ट सीरीज में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन

खिलाड़ी का नाम वर्ष मैच रन
शुभमन गिल 2025 3 607
राहुल द्रविड़ 2002 4 602
विराट कोहली 2018 5 593
सुनील गावस्कर 1979 4 542
राहुल द्रविड़ 2011 4 461

शुभमन गिल के लिए लॉर्ड्स का यह टेस्ट मैच बल्ले से अच्छा नहीं गुजरा। गिल ने पहली पारी में 16 और दूसरी पारी में 6 रन बनाए। इस टेस्ट मैच की दोनों पारियों में गिल केवल 22 रन ही बना पाए। हालांकि, इस दौरान उन्होंने अभी तक 607 रन बनाए हैं। अगर अगले मैच में गिल 50 रन बनाने में सफल होते हैं तो वह वह किसी भारतीय कप्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड तोड़ देंगे। विराट कोहली ने 2016 में भारत-इंग्लैंड टेस्ट सीरीज के दौरान पांच मैच में कुल 655 रन बनाए।

एक सीरीज में कप्तान के रूप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी

खिलाड़ी का नाम वर्ष विपक्षी टीम स्थल मैच रन
सुनील गावस्कर 1978-79 वेस्ट इंडीज भारत 6 732
विराट कोहली 2016 इंग्लैंड भारत 5 655
विराट कोहली 2017 श्रीलंका भारत 3 610
शुभमन गिल 2025 इंग्लैंड इंग्लैंड 3 607
विराट कोहली 2018 इंग्लैंड इंग्लैंड 5 593

एक टेस्ट सीरीज में भारत के लिए कप्तान के तौर पर सबसे ज़्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड सुनील गावस्कर के नाम है। 1978-79 की भारत-वेस्टइंडीज टेस्ट सीरीज के दौरा, गावस्कर ने छह मैचों में 732 रन बनाए थे।

इतिहास रचने के करीब हैं गिल

भारत ने लॉर्ड्स टेस्ट की दूसरी पारी में इंग्लैंड को 192 रनों पर समेट दिया और अब उसे तीसरा टेस्ट जीतने और मौजूदा पांच मैचों की सीरीज़ में 2-1 की बढ़त बनाने के लिए चौथी पारी में 193 रन बनाने होंगे। अगर भारतीय टीम इस मुकाबले को जीतने में सफल होता है तो गिल, कपिल देव, एमएस धोनी और विराट कोहली के बाद लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट जीतने वाले चौथे भारतीय कप्तान बन जाएंगे।

इसके अलावा पंजाब के 25 वर्षीय दाएं हाथ के बल्लेबाज इंग्लैंड में लगातार दो टेस्ट जीतने वाले दूसरे भारतीय कप्तान और कपिल और कोहली के बाद इंग्लैंड में एक से ज्यादा टेस्ट जीतने वाले तीसरे भारतीय कप्तान भी बन जाएंगे।

Navbharat Live
navbharatlive.com