

Shreyas Iyer Praises Ishan Kishan And Tilak Varma: जिम्बाब्वे के खिलाफ T20 सीरीज में कप्तान के तौर पर पहली सीरीज जीत दर्ज करने वाले श्रेयस अय्यर ने कहा कि युवा भारतीय टीम की सबसे बड़ी ताकत उसका निडर रवैया और सकारात्मक सोच है। भारत ने दूसरे T20 में 90 रन की बड़ी जीत के साथ तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है।
मैच के बाद श्रेयस अय्यर ने कहा कि टीम ने पूरे दौरे में बिना किसी डर के क्रिकेट खेला और यही इस सीरीज की सबसे बड़ी सीख रही। उन्होंने कहा, 'मैदान पर हमेशा सकारात्मक सोच के साथ उतरना चाहिए। पिछली पारियों या पुराने प्रदर्शन के बारे में ज्यादा नहीं सोचना चाहिए। आगे बढ़ते रहना चाहिए और जो भी मौका मिले, उसका पूरा फायदा उठाना चाहिए।'
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शुरुआत में दो विकेट सिर्फ 29 रन पर गंवा दिए थे। अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी जल्दी आउट हो गए थे। इसके बाद ईशान किशन और कप्तान श्रेयस अय्यर ने 66 रन की साझेदारी कर टीम को संभाला।
इसके बाद ईशान ने तिलक वर्मा के साथ चौथे विकेट के लिए 94 रन की शानदार साझेदारी की। ईशान ने 44 गेंदों में 81 रन बनाए, जबकि तिलक वर्मा 29 गेंदों में 60 रन बनाकर नाबाद लौटे। दोनों की पारियों की मदद से भारत ने 20 ओवर में 219/5 का बड़ा स्कोर खड़ा किया।
श्रेयस अय्यर ने दोनों बल्लेबाजों की जमकर तारीफ करते हुए कहा, 'ईशान और तिलक ने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने कुछ ऐसे शॉट खेले जिन्हें देखकर काफी अच्छा लगा। शुरुआत में मुझे लगा था कि 180 से 200 रन अच्छा स्कोर होगा, लेकिन 220 तक पहुंचना हमारे लिए बोनस जैसा रहा।'
220 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम 17.5 ओवर में 129 रन पर ऑलआउट हो गई। भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा और नियमित अंतराल पर विकेट लेते रहे।
कप्तान अय्यर ने गेंदबाजों की तारीफ करते हुए कहा, 'हमारे गेंदबाजों ने अपनी लाइन और लेंथ पर शानदार गेंदबाजी की और जिम्बाब्वे को 130 रन के आसपास समेट दिया। यही इस मैच की पूरी कहानी रही।'
हालांकि भारत की इस बड़ी जीत के बीच टीम को एक झटका भी लगा। तेज गेंदबाज प्रिंस यादव अपने दूसरे स्पेल के दौरान हैमस्ट्रिंग चोट का शिकार हो गए। दो विकेट लेने के बाद उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा।
श्रेयस अय्यर ने बताया कि इस चोट की वजह से तीसरे और अंतिम 20 में टीम में बदलाव हो सकता है। उन्होंने कहा, 'दुर्भाग्य से हमारे एक खिलाड़ी को चोट लग गई है, इसलिए अगले मैच में एक-दो बदलाव देखने को मिल सकते हैं।' भारत अब रविवार को होने वाले तीसरे और अंतिम T20 मुकाबले में जीत दर्ज कर जिम्बाब्वे का 3-0 से सफाया करने के इरादे से मैदान पर उतरेगा।