

Shaheen Afridi Statement On Pakistan Captaincy: पाकिस्तान क्रिकेट में एक बार फिर कप्तानी को लेकर हलचल बढ़ गई है। खराब प्रदर्शन के बाद वनडे टीम की कमान शाहीन शाह अफरीदी से लेकर पूर्व कप्तान बाबर आजम को सौंपे जाने की चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, शाहीन ने साफ कर दिया है कि फिलहाल वनडे टीम के कप्तान वही हैं।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, जब शाहीन अफरीदी से पूछा गया कि क्या व्हाइट-बॉल हेड कोच माइक हेसन और प्रभावशाली चयनकर्ता आकिब जावेद वनडे कप्तान के तौर पर उनका समर्थन कर रहे हैं, तो उन्होंने हल्की मुस्कान के साथ कहा, 'अभी तक तो मैं ही कप्तान हूं।'
बताया जा रहा है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने बाबर आजम को सभी फॉर्मेट में कप्तानी देने का वादा किया है। टेस्ट टीम की कप्तानी संभालने के बाद अब बाबर को वनडे टीम की कमान सौंपने पर भी विचार किया जा रहा है।
कुछ दिन पहले ऐसी खबरें सामने आई थीं कि बाबर आजम ने टेस्ट कप्तानी इस शर्त पर स्वीकार की थी कि उन्हें आगे चलकर सभी फॉर्मेट का कप्तान बनाया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, दो चयनकर्ताओं ने बाबर को भरोसा दिया था कि अगर वो वेस्टइंडीज में दो टेस्ट और इंग्लैंड में तीन टेस्ट में अच्छा प्रदर्शन करते हैं, तो उन्हें सभी फॉर्मेट की कप्तानी दी जा सकती है।
शाहीन को पिछले साल अक्टूबर में बिना किसी तय कार्यकाल के वनडे कप्तान बनाया गया था। उन्होंने मोहम्मद रिजवान की जगह ली थी। रिजवान की कप्तानी में पाकिस्तान चैंपियंस ट्रॉफी के पहले दौर में ही बाहर हो गया था। इसके अलावा टीम को 24 साल में पहली बार वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में हार का सामना करना पड़ा था।
दिलचस्प बात ये है कि बाबर को भी टेस्ट कप्तान के तौर पर लंबा कार्यकाल नहीं दिया गया है। फिलहाल उन्हें वेस्टइंडीज और इंग्लैंड दौरों के लिए टेस्ट टीम की कमान सौंपी गई है। पाकिस्तान के पूर्व बल्लेबाज बासित अली ने हाल ही में दावा किया था कि अगले साल होने वाले वर्ल्ड कप में बाबर आजम ही पाकिस्तान के कप्तान होंगे।
वर्ल्ड कप से पहले पाकिस्तान का शेड्यूल भी काफी व्यस्त रहने वाला है। टीम श्रीलंका और इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू ट्राई-सीरीज खेलेगी। इसके बाद जिम्बाब्वे और आयरलैंड के साथ एक और ट्राई-सीरीज प्रस्तावित है, जिसका आयोजन जिम्बाब्वे में हो सकता है। इसके बाद इंग्लैंड में पांच मैचों की सीरीज भी खेली जानी है।
ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या शाहीन अफरीदी वर्ल्ड कप तक पाकिस्तान की वनडे टीम की कप्तानी संभाल पाएंगे या बाबर आजम एक बार फिर तीनों फॉर्मेट के कप्तान बनेंगे।