

IND vs WI 2nd ODI Match 2026: भारत और वेस्टइंडीज के दरम्यान खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला आज यानी बुधवार, 30 सितंबर को खेला जाएगा। यह मैच दोपहर 2 बजे से गुवाहाटी के बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। सीरीज के पहले मैच में भारतीय टीम ने 8 विकेट से जीत दर्ज की थी।
अब टीम इंडिया की नजर दूसरा मुकाबला जीतकर सीरीज में अजेय बढ़त हासिल करने पर होगी। वहीं, शाई होप की कप्तानी वाली वेस्टइंडीज वापसी करते हुए यह सीरीज बराबर करना चाहेगी। फिलहाल 3 मैचों की सीरीज में भारतीय टीम 1-0 से आगे है।
सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा के लिए आज का मैच बेहद खास होने वाला है, क्योंकि वे 12 हजार वनडे रन से मात्र 73 रन दूर हैं। अगर रोहित इस आंकड़े तक पहुंचते है तो ऐसा करने वाले वे तीसरे भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे। उनसे पहले सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।
अगर हम दोनों टीमों की तुलना करें, तो वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत का पलड़ा भारी रहा है। दरअसल, भारत और वेस्टइंडीज के बीच वनडे क्रिकेट के इतिहास में अब तक 143 मुकाबले खेले गए है, इस दौरान भारतीय टीम को 73 मुकाबलों में जीत मिली है। वेस्टइंडीज ने 64 मैच अपने नाम किए हैं, जबकि 4 मैच में कोई नतीजा नहीं निकल पाया है। 2 मैच टाई पर समाप्त हुए हैं। बता दें कि, इन दोनों टीमों के बीच आखिरी 5 वनडे मुकाबलों में भारत ने सभी मैचों में जीत दर्ज की है। वेस्टइंडीज एक भी मैच नहीं जीत सकी है।
बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम की पिच रिपोर्ट की बात करें, तो यहां की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है। आपको बता दें कि, यहां की पिच पर उछाल अच्छा रहता है और गेंद बल्ले पर आसानी पूर्वक आती है, जिससे शॉट लगाना बेहद सरल होता है। इसके अलावा यहां नई गेंद से तेज गेंदबाजों को शुरुआती ओवरों में हल्की मदद मिल सकती है, लेकिन जैसे-जैसे मुकाबला आगे बढ़ता है बल्लेबाजों का दबदबा बढ़ने की संभावना रहती है। वहीं इस पिच पर स्पिनरों को बीच के ओवरों में कुछ मदद मिल सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक, आज गुवाहाटी में बारिश की 55 फीसदी संभावना है। वहीं अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रह सकता है। वहीं जानकारी के अनुसार, गुवाहाटी में मैच के दौरान मौसम गर्म और उमस भरा भी रह सकता है। ऐसे में स्टेडियम में बैठकर मैच देखने वाले दर्शकों को थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच आज दूसरे वनडे का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जिओ हॉटस्टार ऐप पर दोपहर 2 बजे से देखा जा सकता है।