

Who Will BCCI Select For Sai Sudharsan Relacement? श्रीलंका के खिलाफ 15 अगस्त से शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम को एक और बड़ा झटका लगा है। रिपोर्ट के मुताबिक, पैर की चोट से पूरी तरह नहीं उबर पाने के कारण साई सुदर्शन सीरीज से बाहर हो गए हैं। सुदर्शन को टीम में शामिल किया गया था, लेकिन उनका खेलना फिटनेस क्लियरेंस पर निर्भर था।
साई सुदर्शन की जगह अब सरफराज खान या शेख रशीद को टीम में शामिल किया जा सकता है। रिपोर्ट के अनुसार, सरफराज फिटनेस जांच के लिए बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) पहुंच चुके हैं, जबकि शेख रशीद को भी वहां रिपोर्ट करने के लिए कहा गया है। अब चयनकर्ताओं के सामने दोनों में से किसी एक को चुनने का विकल्प है।
शेख रशीद के पक्ष में उनका हालिया प्रदर्शन जा सकता है। 21 साल के इस बल्लेबाज ने पिछले महीने श्रीलंका 'ए' के खिलाफ दो रेड-बॉल मैचों में शानदार प्रदर्शन किया था। वहीं, साई सुदर्शन ने भी श्रीलंका 'ए' के खिलाफ दो 'ए' टेस्ट मैचों में दो शतक लगाए थे। हालांकि, दूसरे मुकाबले में पैर पर चोट लगने के बाद से वो बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैबिलिटेशन कर रहे थे।
स्पोर्ट्स साइंस टीम ने सुदर्शन की फिटनेस को लेकर साफ किया है कि उनकी चोट में सुधार हुआ है, लेकिन टेस्ट क्रिकेट में वापसी के लिए अभी पर्याप्त रिकवरी नहीं हुई है। डॉक्टरों ने उन्हें पूरी तरह ठीक होने के लिए और समय देने की सलाह दी है। टीम ने ये भी कहा है कि उनकी रिहैबिलिटेशन, स्ट्रेंथ और कंडीशनिंग के साथ क्रिकेट से जुड़ी गतिविधियों को धीरे-धीरे बढ़ाया जाएगा और उन पर लगातार नजर रखी जाएगी, ताकि चोट दोबारा न उभरे।
साई सुदर्शन के बाहर होने के बाद देवदत्त पडिक्कल को नंबर-3 पर खेलने का मौका मिल सकता है। पडिक्कल ने प्रैक्टिस मैच में शानदार शतक लगाकर अपनी दावेदारी मजबूत कर दी है। ऐसे में अगर सरफराज या शेख रशीद में से किसी एक को टीम में शामिल किया जाता है, तो भारतीय बल्लेबाजी क्रम में भी बदलाव देखने को मिल सकता है।
भारतीय टीम पहले से ही चोटों की समस्या से जूझ रही है। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान लगी बाएं घुटने की चोट से पूरी तरह ठीक नहीं हो पाए हैं और श्रीलंका टेस्ट सीरीज से बाहर हैं। उनकी जगह जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज औकिब नबी को पहली बार टेस्ट टीम में मौका मिला है।
इसके अलावा हर्षित राणा और नीतीश कुमार रेड्डी भी चोट के कारण सीरीज से बाहर हो चुके हैं। दोनों खिलाड़ी क्रमशः हैमस्ट्रिंग और क्वाड्रिसेप्स की चोट से जूझ रहे हैं। वहीं हार्दिक पांड्या और वरुण चक्रवर्ती भी अलग-अलग चोटों के कारण बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिकवरी कर रहे हैं।
ऐसे में श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले भारतीय टीम का चोटों से पीछा नहीं छूट रहा है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि सुदर्शन की जगह सरफराज खान को मौका मिलेगा या शेख रशीद को पहली बार टेस्ट टीम में जगह दी जाएगी।