

Sahibzada Farhan Create History: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान के स्टार खिलाड़ी साहिबजादा फरहान ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। साहिबजादा फरहान ने श्रीलंका के खिलाफ अर्धशतकीय पारी खेलते हुए इतिहास रच दिया। वो टी20 वर्ल्ड कप के एक एडिशन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
साहिबजादा फरहान ने पुरुषों के टी20 वर्ल्ड कप के एक एडिशन में सबसे ज़्यादा रन बनाने का विराट कोहली का पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। कोहली ने बांग्लादेश में 2014 एडिशन में छह मैचों में 319 रन बनाए थे और फरहान ने पल्लेकेले इंटरनेशनल स्टेडियम में 2026 एडिशन के सुपर-आठ मुकाबले में श्रीलंका के दासुन शनाका के खिलाफ एक बाउंड्री लगाकर उनसे आगे निकल गए।
हालांकि, फरहान ने विराट कोहली से एक मुकाबला ज्यादा लिया है। लेकिन इस वर्ल्ड कप में उनका बल्ला बखूबी बोला है। वह इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान के सबसे लगातार और भरोसेमंद बैटर रहे हैं। दाएं हाथ के इस बैट्समैन ने टूर्नामेंट की शुरुआत नीदरलैंड्स के खिलाफ 47 रन बनाकर की थी, और इसके बाद USA के खिलाफ 73 रन बनाए।
उनका अभियान विरोधी टीम इंडिया के खिलाफ बिना खाता खोले आउट होने के साथ लड़खड़ा गया था। हालांकि, उन्होंने जोरदार वापसी करते हुए शानदार लय हासिल की। नामीबिया के खिलाफ उन्होंने अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला शतक जड़ा और इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ टीम को हार का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने 63 रन की बेहतरीन पारी खेलकर अपनी फॉर्म और आत्मविश्वास साबित कर दिया।
| खिलाड़ी | देश | टूर्नामेंट | मैच | रन | सर्वोच्च स्कोर | औसत | स्ट्राइक रेट | अर्धशतक | शतक |
|---|---|---|---|---|---|---|---|---|---|
| साहिबजादा फरहान | पाकिस्तान | ICC पुरुष T20 विश्व कप (भारत/श्रीलंका), 2025/26 | 7 | 323** | 100* | 80.75 | 158.33 | 2 | 1 |
| विराट कोहली | भारत | वर्ल्ड T20 (बांग्लादेश), 2013/14 | 6 | 319 | 77 | 106.33 | 129.14 | 4 | 0 |
| तिलकरत्ने दिलशान | श्रीलंका | ICC वर्ल्ड ट्वेंटी20 (इंग्लैंड), 2009 | 7 | 317 | 96* | 52.83 | 144.74 | 3 | 0 |
| बाबर आज़म | पाकिस्तान | ICC पुरुष T20 विश्व कप (ओमान/UAE), 2021/22 | 6 | 303 | 70 | 60.60 | 126.25 | 4 | 0 |
| महेला जयवर्धने | श्रीलंका | ICC वर्ल्ड ट्वेंटी20 (वेस्ट इंडीज), 2010 | 6 | 302 | 100 | 60.40 | 159.78 | 2 | 1 |
| विराट कोहली | भारत | ICC पुरुष T20 विश्व कप (ऑस्ट्रेलिया), 2022/23 | 6 | 296 | 82* | 98.66 | 136.40 | 4 | 0 |
| तमीम इकबाल | बांग्लादेश | वर्ल्ड T20 (भारत), 2015/16 | 6 | 295 | 103* | 73.75 | 142.51 | 1 | 1 |
| डेविड वॉर्नर | ऑस्ट्रेलिया | ICC पुरुष T20 विश्व कप (ओमान/UAE), 2021/22 | 7 | 289 | 89* | 48.16 | 146.70 | 3 | 0 |
| मोहम्मद रिज़वान | पाकिस्तान | ICC पुरुष T20 विश्व कप (ओमान/UAE), 2021/22 | 6 | 281 | 79* | 70.25 | 127.72 | 3 | 0 |
| रहमानुल्लाह गुरबाज़ | अफगानिस्तान | ICC पुरुष T20 विश्व कप (USA/वेस्ट इंडीज), 2024 | 8 | 281 | 80 | 35.12 | 124.33 | 3 | 0 |
फरहान के पास इस रिकॉर्ड को और आगे ले जाने का सुनहरा मौका है, लेकिन इसके लिए पाकिस्तान का सेमीफाइनल में पहुंचना जरूरी होगा। हालांकि यह राह आसान नहीं है। मौजूदा समीकरणों के अनुसार, अंक तालिका में दूसरे स्थान पर मौजूद न्यूज़ीलैंड के बेहतर नेट रन रेट (NRR) को पीछे छोड़ने के लिए पाकिस्तान को श्रीलंका को कम से कम 64 रन से हराना होगा। तभी सेमीफाइनल का टिकट पक्का हो सकेगा।