

स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने शायद रणजी ट्रॉफी खेलने का मन बना लिया है। वह रेड बॉल क्रिकेट में खराब दौर से गुजर रहे हैं। पिछले आधा दर्जन मैचों से उनका बल्ला खामोश है और यही वजह थी कि उन्होंने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के आखिरी मैच से खुद को बाहर कर लिया था।
ऐसे में अब अपनी खोई हुई लय हासिल करने के लिए रोहित रणजी ट्रॉफी खेलते नजर आ सकते हैं। इसी वजह से उन्होंने मुंबई टीम प्रबंधन को जानकारी दी है कि वह मंगलवार (14 जनवरी) से होने वाले रणजी ट्रॉफी अभ्यास सत्र में हिस्सा लेंगे। रणजी ट्रॉफी के लिए मुंबई टीम का अभ्यास सत्र आज से मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में शुरू हो रहा है, जिसमें रोहित शर्मा भी नजर आएंगे।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक रोहित शर्मा ने आगामी चैंपियंस ट्रॉफी की तैयारी के लिए एमसीए-बीकेसी मैदान पर अपनी ट्रेनिंग भी शुरू कर दी है। मुंबई की टीम सेंटर-विकेट अभ्यास सत्र का इस्तेमाल अपने अगले रणजी ट्रॉफी लीग राउंड के लिए करेगी, जो 23 जनवरी से मुंबई में जम्मू-कश्मीर के खिलाफ खेला जाना है। शुभमन गिल भी पंजाब के लिए रणजी मैच खेलने वाले हैं।
मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) के एक सूत्र ने बताया कि रोहित शर्मा ने अभी अपनी उपलब्धता के बारे में जानकारी नहीं दी है और अभी भी इस बात पर विचार कर रहे हैं कि रणजी ट्रॉफी लीग मैच खेलना है या नहीं। सूत्र ने कहा, "वह मुंबई रणजी ट्रॉफी टीम के साथ अभ्यास सत्र के लिए आएंगे और अभी यह तय नहीं है कि वह जम्मू-कश्मीर के खिलाफ अगला रणजी ट्रॉफी मैच खेलेंगे या नहीं। वह समय आने पर एमसीए को सूचित करेंगे।"
जानकारी के लिए बता दें कि सिडनी टेस्ट में भारत की करारी हार के बाद कई दिग्गजों ने क्रिकेटरों को घरेलू क्रिकेट खेलने की सलाह दी थी, जिसमें टीम के हेड कोच गौतम गंभीर भी शामिल हैं। वहीं रोहित शर्मा ने मुंबई के लिए आखिरी बार घरेलू टीम के लिए 2015 में उत्तर प्रदेश के खिलाफ मुकाबला खेला था।