फिर मैदान पर दिखे हिटमैन, केएल राहुल ने रोहित शर्मा के साथ की प्रैक्टिस; BCCI ने शेयर किया VIDEO

Rohit Sharma Started Practice: भारतीय वनडे टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले प्रैक्टिस शुरू कर दी है। रोहित के साथ अभ्यास करते हुए केएल राहुल भी दिखें।
फिर मैदान पर दिखे हिटमैन, केएल राहुल ने रोहित शर्मा के साथ की प्रैक्टिस; BCCI ने शेयर किया VIDEO
केएल राहुल और रोहित शर्मा (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Rohit Sharma Started Practice With KL Rahul: ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले भारतीय वनडे टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने प्रैक्टिस शुरू कर दी है। रोहित शर्मा ने बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में प्रैक्टिस करना शुरू कर दिया है। इस दौरान टीम के भरोसेमंद बल्लेबाज केएल राहुल भी साथ दिखें। रोहित और राहुल ने साथ प्रैक्टिस किया। जिसका वीडियो बीसीसीआई ने शेयर किया है।

केएल राहुल को ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ दूसरे अनाधिकारिक टेस्ट मैच के लिए भारत ए की टीम में शामिल किया गया है। इस मुकाबले से पहले केएल राहुल अपनी लय को हासिल करने में जुटे हुए हैं। बीसीसीआई ने रोहित और राहुल की ट्रेनिंग का वीडियो साझा किया है। वीडियो में दोनों सीनियर बल्लेबाज व्यस्त क्रिकेट सीजन से पहले अपनी तैयारी को पुख्ता करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं।

बीसीसीआई ने रविवार को एक्स पर वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा कि आगामी टूर्नामेंटों की तैयारी के लिए, रोहित शर्मा और केएल राहुल ने बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में कौशल और शक्ति प्रशिक्षण पर ध्यान केंद्रित करते हुए प्रशिक्षण लिया। दोनों खिलाड़ियों ने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में उपलब्ध विभिन्न परिस्थितियों का अभ्यास किया।

राहुल 23 सितंबर से लखनऊ के इकाना स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ भारत ए के दूसरे बहु-दिवसीय मैच में हिस्सा लेंगे। इस मैच के लिए राहुल और तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज दोनों को टीम में शामिल किया गया है। इंग्लैंड टेस्ट सीरीज के बाद यह राहुल का पहला पेशेवर क्रिकेट मैच होगा। इंग्लैंड टेस्ट सीरीज में 53 की औसत से 532 रन बनाकर वह तीसरे सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे थे। दौरे पर राहुल ने दो शतक और दो अर्द्धशतक लगाए थे।

वेस्टइंडीज के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज में राहुल सलामी बल्लेबाज के रूप में दिख सकते हैं। पहला टेस्ट 2 से 6 अक्टूबर तक अहमदाबाद और दूसरा टेस्ट मैच 10 से 14 अक्टूबर तक नई दिल्ली में खेला जाएगा। दोनों मैच मौजूदा आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप चक्र का हिस्सा हैं।

रोहित शर्मा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज में नीली जर्सी में दिखेंगे। सीरीज के तीनों मैच 19 अक्टूबर को पर्थ, 23 अक्टूबर को एडिलेड और 25 अक्टूबर को सिडनी में खेले जाएंगे। रोहित शर्मा का यह आखिरी ऑस्ट्रेलिया दौरा हो सकता है। (एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com