

मुंबई: रोहित शर्मा की अगुवाई में भारतीय टीम में 17 साल बाद टी20 वर्ल्ड कप 2024 का खिताब अपने नाम किया है। जिसके बाद टीम इंडिया का भारत में भव्य स्वागत हुआ। मुंबई में हुए विक्ट्री परेड की चर्चा को विदेशों में भी की जा रही है। मुंबई की सड़कों पर भारतीय फैंस का सैलाब आ गया था। जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया था। अब कप्तान रोहित ने भी इस पर अपना रिएक्शन दिया है।
टीम इंडिया के साथ-साथ भारतीय फैंस के लिए इस आईसीसी ट्रॉफी की कितनी एहमियत है, यह सब 4 जुलाई को हुए विक्ट्री परेड में देखने मिला। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने मुंबई में अभूतपूर्व स्वागत से अभिभूत होकर कहा कि विजय परेड के दौरान प्रशंसकों के असीम प्यार ने साबित कर दिया कि यह टी20 विश्व कप सिर्फ उनकी टीम के लिये नहीं बल्कि पूरे देश के लिये क्या मायने रखता है।
रोहित ने बीसीसीआई टीवी से कहा, ‘‘आप इस रोमांच से अनुमान लगा सकते हैं। इससे साबित होता है कि यह ट्रॉफी सिर्फ हमारे लिये नहीं बल्कि पूरे देश के लिये क्या मायने रखती है। मुझे खुशी है कि हम इस तरह का कुछ हासिल कर सके।'' रोहित ने दूसरी बार टी20 विश्व कप जीता है लेकिन उनके लिये यह खास है। उन्होंने कहा, ‘‘2007 अलग था। मैं उसे भूल नहीं सकता क्योंकि वह मेरा पहला विश्व कप था। यह खास है क्योंकि मैं इस बार कप्तान था। मेरे लिये यह बहुत गर्व का पल है।''
जानकारी के लिए बता दें कि बीसीसीआई ने एयर इंडिया की स्पेशल फ्लाइट AIC24WC ‘एयर इंडिया चैंपियंस 24 विश्व कप’ से टीम इंडिया की वतन वापसी हुई है। टीम इंडिया गुरुवार सुबह छह बजे दिल्ली पहुंची है। भारतीय टीम बारबडोस में तूफान ‘बेरिल’ की वजह से फाइनल जीतने के बाद फंसी हुई थी।