

नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2024 के फाइनल मैच में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच मुकाबला खेला गया। इस मैच में भारत ने जीत दर्ज कर 17 साल बाद खिताब अपने नाम किया। जिसके बाद भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा के टी20 विश्व कप ट्रॉफी प्राप्त करने के लिए अनोखा तरीका चर्चा में बना हुआ है। ऐसे में अब WWE स्टार रिक फ्लेयर का भी उनकी इस वॉक पर बयान दिया है।
दरअसल, WWE स्टार रिक फ्लेयर का कहना है कि रोहित शर्मा ने ट्रॉफी लेते हुए उनकी वॉक को कॉपी किया है। वह WWE रिंग में इसी तरह एंट्री लिया करते थे। उन्होंने एक्स पर ट्वीट कर लिखा, ''@ImRo45 मेरी प्लेबुक से एक पेज ले रहा है! वाह!"
ऐसे में अब यह सवाल बना हुआ है कि रोहित ने आखिर क्यों रिक फ्लेयर की कॉपी की? इसका जवाब इस ट्रॉफी सेरेमनी से पहले मिलता है। दरअसल, जय शाह के बाईं तरफ टीम इंडिया के कुछ खिलाड़ी खड़े थे। कुलदीप यादव ने रोहित को बताया था कि वह ट्रॉफी लेते समय रिक फ्लेयर के स्टाइल में आएं। जिसके बाद ऐसा करते ही नजर आए थे।
बता दें कि विश्व चैंपियन बनने के बाद भारतीय टीम कल यानी 4 जुलाई को सुबह भारत लौट आएगी। उन्हें लाने के लिए बीसीसीआई ने एक स्पेशल प्लेन बारबाडोस भेजा है। दिल्ली आने के बाद टीम इंडिया के सभी खिलाड़ी और स्टाफ मेंबर सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे और उनके साथ नाश्ता करेंगे। उसके बाद भारतीय टीम मुंबई की खुली बस में ट्रॉफी के साथ परेड करेगी, जहां वह फैंस के साथ जीत का जश्न मनाएगी।
जानकारी के लिए बता दें कि रोहित शर्मा अब कपिल देव और महेंद्र सिंह धोनी की लिस्ट में शुमार हो गए हैं। वह अब भारत के ऐसे तीसरे कप्तान बन गए हैं, जिनकी कप्तानी में भारत ने आईसीसी की ट्रॉफी जीती है। भारत ने 17 साल बाद टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी जीती है।