चोट के बाद मैदान पर लौटे ऋषभ पंत, फिफ्टी लगाकर रचा बड़ा इतिहास, इस मामले में धोनी को छोड़ा पीछे

India vs Sri Lanka 2nd Test: ऋषभ पंत ने श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में एमएस धोनी का रिकॉर्ड तोड़ दिया। पंत विदेशी या न्यूट्रल मैदान पर भारत के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले विकेटकीपर बने।
Rishabh Pant Test Record
महेंद्र सिंह धोनी, ऋषभ पंत(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Rishabh Pant Test Record: भारत और श्रीलंका के बीच दूसरा टेस्ट मैच कोलंबो के सिंहली क्रिकेट क्लब मैदान पर खेला जा रहा है। टीम इंडिया के विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत ने टेस्ट के दूसरे दिन इतिहास रच दिया है। पंत विदेशी धरती या न्यूट्रल वेन्यू पर भारत की ओर से बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज सर्वाधिक रन बनाने वाले बैटर बन गए हैं।

पंत ने एमएस धोनी का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। धोनी ने घर से बाहर खेलते हुए 2,496 रन बनाए। इस लिस्ट में 1209 रनों के साथ फारुख इंजीनियर तीसरे नंबर पर काबिज हैं। टेस्ट के दूसरे दिन सारांश जैन के पवेलियन लौटने के बाद पंत दोबारा बल्लेबाजी करने उतरे। गौरतलब है कि टेस्ट के पहले दिन पंत बल्लेबाजी करते हुए चोटिल हो गए थे और उन्हें मैदान छोड़कर बाहर जाना पड़ा था।

रिटायर्ड हर्ट होने के बाद दोबारा लौटे पंत

इससे पहले मैच के पहले दिन भारतीय पारी के 58वें ओवर में लाहिरू कुमारा की एक उछाल लेती हुई गेंद सीधा पंत की कलाई पर आकर लगी थी, जिसके बाद वह काफी दर्द में दिखाई दिए थे। थोड़ी देर चले इलाज के बाद उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा था। आज दूसरे दिन खेल शुरू होने के बाद सारांश जैन 6 रन बनाकर आउट हुए, तब पंत एक बार फिर बल्लेबाजी करने उतरे।  

ऋषभ पंत ने ध्रुव जुरेल के साथ पारी को संभाला और खेल को आगे बढ़ाया। दोनों के बीच 152 गेदों पर 112 रन की अहम साझेदारी हुई। इस दौरान दोनों ने अपना-अपना पचासा पूरा किया और दूसरे दिन लंच तक भारत का स्कोर 419 पहुंचाया। हालांकि लंच के बाद पंत अपना विकेट ज्यादा देर तक नहीं बचा सके और लंच के बाद लाहिरू उदारा की पहली गेंद पर केशर नुवंथा को कैच थमा बैठे। पंत ने 89 गेंदों पर 6 चौकों और दो छक्के की मदद से  63 रनों की शानदार पारी खेली। पंत पहले टेस्ट में बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके थे और उनकी फॉर्म को लेकर भी कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। 

पडिक्कल ने जड़ा शानदार शतक

दूसरे टेस्ट में भारतीय टीम ने टॉस जीतने के बाद शानदार शुरुआत की है। टेस्ट के पहले दिन देवदत्त पडिक्कल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए लगातार दूसरा शतक लगाया। उन्होंने 193 गेंदों का सामना करते हुए 117 रनों की शानदार पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 12 चौके लगाए। 

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com