

स्पोर्ट्स डेस्क: आईपीएल में बीती रात फिर से वैसी ही तस्वीर देखने को मिली जो पिछले साल यानी आईपीएल 2024 में पूरी दुनिया ने देखी थी। मौजूदा सीजन का पहला मैच हारने के बाद लखनऊ के नवनियुक्त कप्तान ऋषभ पंत की 'क्लास' लगाई गई। फ्रेंचाइजी के मालिक संजीव गोयनका बाउंड्री के ठीक बाहर डगआउट के सामने ऋषभ से सवाल करते नजर आए। इस तस्वीर ने पिछले साल केएल राहुल को दी गई डांट की याद दिला दी।
दरअसल, 24 मार्च को लखनऊ सुपरजाइंट्स ने 18वें सीजन का अपना पहला मैच खेला था। लेकिन दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें आखिरी ओवर में हरा दिया। ऋषभ पंत के लिए यह मैच किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा। 27 करोड़ की बोली के साथ आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी ऋषभ लखनऊ के लिए अपने पहले मैच में खाता भी नहीं खोल सके।
बाद में आखिरी ओवर में अगर वह स्टंपिंग करने से नहीं चूकते तो लखनऊ मैच जीत सकता था। एलएसजी के नए कप्तान ऋषभ पंत ने एक बार फिर छह गेंदों में 0 रन बनाकर अपना विकेट गंवा दिया। कुलदीप यादव ने उन्हें बाउंड्री पर फाफ डु प्लेसिस के हाथों कैच आउट कराया। बल्लेबाजी में फ्लॉप होने के बाद ऋषभ विकेटकीपिंग में भी फेल रहे।
आखिरी ओवर में जब दिल्ली कैपिटल्स को छह रन चाहिए थे और नौ विकेट गिर चुके थे, तब ऋषभ पंत ने शाहबाज अहमद की पहली ही गेंद पर मोहित शर्मा को स्टंप करने का सुनहरा मौका गंवा दिया। वरना मैच लखनऊ की झोली में जाता। इन घटनाक्रमों के बाद पंत और फ्रेंचाइजी के मालिक संजीव गोयनकी की ऋषभ पंत के साथ बातचीत वायरल हो गई।
सोशल मीडिया पर यूजर्स संजीव गोयनका और पंत के बीच हुई बातचीत को इस सवाल के साथ के साथ पोस्ट कर रह हैं कि क्या LSG की हार के बाद ऋषभ पंत को डांट पड़ी है? वहीं कुछ लोग इस पिछले साल वाली घटना से जोड़कर देख रहे हैं।
दिल्ली कैपिटल्स ने 'इम्पैक्ट सब' आशुतोष शर्मा की 31 गेंदों पर नाबाद 66 रनों की तूफानी पारी की मदद से 19.3 ओवर में एक विकेट से मैच जीत लिया। आशुतोष ने शाहबाज अहमद की गेंद पर गगनचुंबी छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई। उन्होंने अपनी पारी के दौरान पांच चौके और इतने ही छक्के लगाए।
दिल्ली कैपिटल्स ने इससे पहले निकोलस पूरन (75) और मिशेल मार्श (72) के अर्धशतकों की मदद से वापसी करते हुए लखनऊ सुपरजाइंट्स को आठ विकेट पर 209 रन पर रोक दिया था। दिल्ली की तरफ से मिशेल स्टारक्ग ने सबसे ज्यादा तीन विकेट हासिल किए थे।