हार्दिक पांचवां गेंदबाज बनता है तो पंत और कार्तिक दोनों खेल सकते हैं: गावस्कर

Sunil Gavaskar
File Photo
Published on: 
Updated on: 

मुंबई: महान सुनील गावस्कर (Sunil Gavaskar) का मानना है कि आगामी टी20 विश्व कप (T20 World Cup 2022) में अगर हार्दिक पंड्या (Hardik Pandya) को भारत पांचवां गेंदबाजी विकल्प बनाता है तो दिनेश कार्तिक (Dinesh Karthik)और ऋषभ पंत (Rishabh Pant) दोनों को अंतिम एकादश में खिला सकता है। रोहित शर्मा की अगुआई वाली टीम रविवार को अपने अभियान की शुरुआत पाकिस्तान के खिलाफ करेगी। टीम इंडिया के पास विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में पंत और कार्तिक विकल्प हैं।

भारतीय टीम प्रबंधन पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से पहले टीम संयोजन पर विचार कर रहा होगा और ऐसे में 73 साल के पूर्व महान बल्लेबाज गावस्कर का मानना है कि दोनों को अंतिम एकादश में जगह मिल सकती है। गावस्कर के स्टार स्पोर्ट्स के शो ‘क्रिकेट लाइव' से कहा, ‘‘अगर वे छह गेंदबाजों के साथ उतरने का फैसला करते हैं और हार्दिक पंड्या छठा गेंदबाज होता है तो फिर पंत को शायद टीम में जगह नहीं मिले।''

उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन अगर वे हादिक पंड्या को पांचवें गेंदबाज के रूप में उतारने का फैसला करते हैं तो ऋषभ पंत के पास छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने का मौका होगा और कार्तिक सातवें नंबर पर आ सकता है जिसके बाद चार गेंदबाज उतरेंगे। ऐसा हो सकता है, लेकिन इसके लिए हमें इंतजार करना होगा।''

गावस्कर ने कहा, ‘‘वे निश्चित तौर पर टीम में बाएं हाथ के बल्लेबाज को शामिल करना चाहेंगे जो इतनी अच्छी फॉर्म में है। कभी-कभी आप अपने आप से पूछ सकते हैं कि ऋषभ पंत को कितने ओवर खेलने को मिलेंगे?''

उन्होंने कहा, ‘‘क्या उन्हें तीन या चार ओवर खेलने को मिलेंगे? तीन या चार ओवर, क्या कार्तिक या ऋषभ बल्लेबाज हैं? ये सभी हालात हैं जिन पर उन्हें गौर करना है और फैसला करना है।'' गावस्कर ने पाकिस्तान के स्टार तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी के संदर्भ में कहा कि इंग्लैंड के खिलाफ अभ्यास मैच में देखकर लगा कि उन्होंने पूर्ण फिटनेस हासिल कर ली है।(एजेंसी)

Navbharat Live
navbharatlive.com