ऑस्ट्रेलिया के इन दो महान खिलाड़ियों के रिकॉर्ड खतरे में, Mitchell Starc रच सकते हैं इतिहास

Mitchell starc
File Photo
Published on: 
Updated on: 

-विनय कुमार

ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका (Australia vs South Africa) के बीच 3 मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मैच 17-21 दिसंबर के बीच गाबा के मैदान में हुआ। बड़ा ही दिलचस्प मुकाबला रहा। इस मैच का फैसला केवल 2 दिनों में ही हो गया। ऑस्ट्रेलिया ने जीत हासिल की। इस मैच में मिचेल स्टार्क (Mitchell Starc) ने कोहराम मचाया।

मिचेल स्टार्क ने इस टेस्ट मैच में साऊथ अफ्रीका की बल्लेबाज़ी की पहली पारी में 14 ओवर की बोलिंग की, जिसमें 41 रन देकर 3 विकेट लिए। और, दूसरी पारी में रासी वैन डर डुसेन (Rassie van der Dussen) और केशव महराज (Keshav Maharaj) के विकेट चटकाए। इस मैच में उन्होंने रासी वैन डर डुसेन को बोल्ड करते ही टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। टेस्ट क्रिकेट में 300 से ज्यादा विकेट चटकाने वाले वे ऑस्ट्रेलिया के 7वें खिलाड़ी बन गए।

यदि, इस सीरीज के बाकी बचे 2 मैचों में वे 13 विकेट ले लेते हैं, तो वे ऑस्ट्रेलिया के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट हासिल करने के मामले में ब्रेट ली (Brett Lee 310 विकेट) और मिशेल जॉनसन (Mitchell Johnson 313 विकेट) को पछाड़ कर आगे निकल जाएंगे। रिकॉर्ड्स बताते हैं कि ब्रेट ली इस मामले में छठवें और जॉनसन पांचवें पायदान पर हैं। यदि, स्टार्क और 13 विकेट हासिल कर लेते हैं, तो वे  इन दोनों के रिकॉर्ड तोड़ कर टेस्ट क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले पांचवें बोलर बन जाएंगे। 

फिलहाल ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने के मामले में शेन वॉर्न (Shane Warne) का नाम टॉप पर है। उन्होंने अपने करियर में कुल 145 मैचों में 708 विकेट लिए थे। उनके बाद 563 विकेटों के साथ ग्लेन मैकग्रा (Glenn McGrath) का नाम है। तीसरे नंबर पर 454 विकेट के साथ नाथन लियोन (Nathan Lyon) और चौथे पायदान पर 355 विकेट के साथ पूर्व महान गेंदबाज डेनिस लिली (Dennis Lillee) का नाम है।