

स्पोर्ट्स डेस्क: अंडर-19 टी20 विश्व कप के फाइनल में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने दमदार प्रदर्शन करके साउथ अफ्रीका की टीम को करारी शिकस्त देकर आईसीसी की ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। भारतीय टीम ने लगातार दूसरी बार ये खिताब अपने नाम किया है। टीम इंडिया की इस जीत पर अब भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रतिक्रिया दी है।
निक्की प्रसाद की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 9 विकेट से हराया। जिसके बाद से ही टीम इंडिया को सब बधाई दे रहे हैं। अंडर-19 टी20 विश्व कप की चैंपियन बनने के बाद टीम को अब पीएम मोदी ने भी ट्वीट कर बधाई दी है और भारतीय महिला टीम की जमकर तारीफ की है।
भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी पोस्ट में लिखा है- ''हमें अपनी नारी शक्ति पर बहुत गर्व है। अंडर-19 टी20 विश्व कप 2025 जीतने के लिए भारतीय टीम को बधाई। यह जीत हमारी बेहतरीन टीम वर्क के साथ-साथ दृढ़ संकल्प और धैर्य का परिणाम है। यह जीत आने वाले दिनों में कई एथलीटों को प्रेरित करेगी। हालांकि भारतीय टीम को उनके भविष्य के प्रयासों के लिए मेरी शुभकामनाएं।''
जानकारी के लिए आपको बता दें कि भारत ने फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 9 विकेट से हराया। इस तरह भारतीय महिला टीम दूसरी बार अंडर-19 टी20 विश्व कप चैंपियन बनी। इससे पहले शेफाली वर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया ने अंडर-19 टी20 वर्ल्ड कप 2023 का खिताब अपने नाम किया था। भारतीय खिलाड़ी गोंगाडी त्रिशा को प्लेयर ऑफ द मैच के साथ-साथ प्लेयर ऑफ द सीरीज का भी पुरस्कार दिया गया।