

Punjab Kings vs Sunrisers Hyderabad: आईपीएल 2026 का 17वां मुकाबला पंजाब किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद (PBKS vs SRH) के बीच खेला जा रहा है। मुल्लांपुर के महाराजा यादविन्द्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में पंजाब किंग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। पंजाब किंग्स की टीम बिना बदलाव के साथ उतर रही है। वहीं सनराइजर्स हैदराबाद ने इस मुकाबले के लिए दो बदलाव किए हैं।
टॉस जीतकर श्रेयस अय्यर ने कहा, "हम पहले गेंदबाजी करेंगे। यह दिन का मैच है। हम यह जानना चाहते हैं कि विकेट कैसा रहेगा और इसका सही अंदाजा भी लगाना चाहते हैं। पिछले कुछ मैचों में भी हमने यही किया है और अच्छा कर रहे हैं। हम मौसम पर नियंत्रण नहीं कर सकते। आपको बस फ्लो के साथ चलना होगा। मुझे निजी तौर पर लगता है कि हमें किसी भी समय किसी भी चीज पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है। बस एक-दूसरे को सपोर्ट करें, टीम के सभी युवाओं को सपोर्ट करें। आप उन्हें जितना ज्यादा बताएंगे, उनके लिए यह उतनी ही दिक्कत होगी। बेहतर है कि वे अपना खेल खेलें। हम उसी टीम को लेकर जा रहे हैं। पहले गेंदबाजी करते हुए नेहाल की जगह प्रियांश आएगा।"
ईशान किशन ने कहा, "हम भी पहले गेंदबाजी पसंद करते। लेकिन हां, मुझे लगता है कि विकेट मुझे काफी हार्ड लग रहा है। पहली पारी में अच्छी क्रिकेट खेलनी होगी। पैट कमिंस का न होना हमारे लिए नुकसान है। कप्तान के साथ ही वह एक शानदार गेंदबाज हैं। अपने अनुभव के साथ वह चीजों को आगे बढ़ाते हैं। फिर भी, मुझे लगता है कि आज के मैच में हमारी टीम में युवा गेंदबाज हैं। और उम्मीद है, हम बस अपनी योजना को अच्छी तरह लागू कर पाएंगे। यह T20 क्रिकेट में सबसे जरूरी चीज है। टीम में दो बदलाव हैं। लिविंगस्टोन की जगह सलिल और जयदेव उनादकट की जगह प्रफुल हिंगे आए हैं।"
पंजाब किंग्स का आईपीएल 2026 में अब तक शानदार प्रदर्शन रहा है। टीम अब तक अपराजेय है। 3 मैचों में 2 जीत और बारिश की वजह से रद्द हुए एक मैच से मिले 1 अंक सहित कुल 5 अंक लेकर अंकतालिका में दूसरे नंबर पर है। हैदराबाद के खिलाफ टीम की कोशिश जीत के लय को बरकरार रखने की होगी।
सनराइजर्स हैदराबाद का प्रदर्शन मिला जुला रहा है। टीम 3 मैचों में 1 जीत और 2 हार के साथ अंकतालिका में छठे नंबर पर है। हैदराबाद को अपने पिछले मैच में अपने घरेलू मैदान में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। हैदराबाद की कोशिश पंजाब के खिलाफ मैच में जीत की पटरी पर लौटने की होगी।
सनराइजर्स हैदराबाद: ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेट कीपर), हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, अनिकेत वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, शिवांग कुमार, हर्षल पटेल, ईशान मलिंगा
पंजाब किंग्स: प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह (विकेट कीपर), कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, मार्को जेनसन, जेवियर बार्टलेट, विजयकुमार वैशाख, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल