IPL 2025: पार्थिव पटेल ने गुजरात टाइटंस की सफलता के राज का किया खुलासा, बताया कैसे बनी टीम...

Parthiv Patel on Gujarat Titans: पार्थिव पटेल ने कहा प्रत्येक मैच में कोई गेंदबाज आगे बढ़कर नेतृत्व कर रहा है। निश्चित तौर पर बल्लेबाजों ने जीत की नींव रखी लेकिन वास्तव में गेंदबाजों ने मैच जिताया है।
पार्थिव पटेल ने गुजरात टाइटंस की सफलता के राज का किया खुलासा
पार्थिव पटेल (फोटो-सोशल मीडिया)
Updated on

स्पोर्ट्स डेस्क: आईपीएल 2025 के 23वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स पर 58 रनों से जीत दर्ज की। इस जीत के बाद गुजरात के सहायक कोच पार्थिव पटेल ने गेंदबाजों की तारीफ की। उन्होंने गेंदबाजों का प्रंशसा करते हुए कहा कि गेंदबाजों ने बल्लेबाजी के लिए अनुकूल विकेट पर अपनी रणनीति पर अच्छी तरह से अमल किया।

गुजरात टाइटंस ने पहले खेलते हुए 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 217 रन बनाए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान रॉयल्स की टीम 159 रनों पर आउट हो गई। इस मैच में बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। गुजरात के लिए साई सुदर्शन ने 82 रनों की पारी खेली। तो वहीं प्रसिद्ध कृष्णा ने 3, राशिद खान और साई किशोर ने 2 विकेट चटकाए। इस जीत के साथ गुजरात की टीम अंक तालिका में पहले नंबर पर पहुंच गई है।

गेंदबाजों ने रणनीति पर अमल किया

पार्थिव ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि जब आप इस तरह के विकेट पर 50 रन से अधिक के अंतर से जीत हासिल करते हैं तो इसका मतलब होता है कि आपके गेंदबाजों ने रणनीति पर अच्छी तरह से अमल किया। मोहम्मद सिराज ने वास्तव में अच्छी गेंदबाजी की। प्रसिद्ध कृष्णा टूर्नामेंट में शुरू से अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। साई किशोर शायद अभी तक टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ स्पिनर है। हमारे सभी गेंदबाजों ने गेंदबाजी के लिए मुश्किल परिस्थितियों में शानदार प्रदर्शन किया।

किसी के पास कोई खास भूमिका नहीं

उन्होंने कहा कि यह देखकर अच्छा लग रहा है कि प्रत्येक मैच में कोई गेंदबाज आगे बढ़कर नेतृत्व कर रहा है। निश्चित तौर पर बल्लेबाजों ने जीत की नींव रखी लेकिन वास्तव में गेंदबाज आपको मैच जिताते हैं। पार्थिव ने आगे कहा कि हमारी टीम में किसी को कोई खास भूमिका नहीं सौंपी गई है। एक टीम के रूप में हमारा रवैया बेहद सरल है। हम परिस्थितियों के अनुसार रणनीति तैयार करते हैं।

राजस्थान रॉयल्स के स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले ने कहा कि लक्ष्य हासिल किया जा सकता था लेकिन उनकी टीम अच्छी साझेदारी निभाने में नाकाम रही। गुजरात के बल्लेबाजों ने हमारी तुलना में अच्छी साझेदारियां निभाई। यही कारण था कि उन्होंने बड़ा स्कोर खड़ा किया लेकिन मेरा मानना है कि अगर हमने अच्छी साझेदारियां निभाई होती तो हम लक्ष्य के काफी करीब पहुंच सकते थे।

Navbharat Live
navbharatlive.com