

नई दिल्ली: पाकिस्तान और इंग्लैंड (Pakistan vs England Test Match) के बीच टेस्ट मैच खेला गया। इस मैच में पाकिस्तान को शिकस्त मिली। इस मैच में एक कैच को लेकर बवाल शुरू हो गया। मैच ख़त्म होने के बाद पूर्व पाकिस्तानी कोच और कप्तान वकार यूनिस (Waqar Younis) ने इस मुकाबले को लेकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस मैच के अंपायर की जमकर क्लास लगाई।
मुल्तान टेस्ट मैच में पाकिस्तान को इंग्लैंड के हाथों हार मिली है। इस मैच के बाद पाकिस्तान के बल्लेबाज साउद शकील का कैच विवादों में है। मार्क वुड की गेंद पर ओली पोप ने विकेट के पीछे से साउद शकील का कैच लपका था। इसे फील्ड अंपायर ने थर्ड अंपायर के पास रेफर किया था। थर्ड अंपायर ने रिप्ले देखने के बाद इसे आउट करार दिया।
बस यही से मैच का रुख बदल गया। सभी ने इस कैच को मैच का टर्निंग पॉइंट माना। साउद शकील ने 94 रन बनाए थे। वहीं, पाकिस्तान को 26 रन से शिकस्त मिली। यह मैच खत्म होने के बाद पूर्व पाकिस्तानी तेज गेंदबाज वकार ने ट्वीट करते हुए अंपायर को जमकर खरी खोटी सुनाई।
उन्होंने कैच के वीडियो के निकाली हुई तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, 'मुझे हैरानी है कि आखिर कौन सी अंगुली को जोएल विल्सन (टीवी अंपायर) ने गेंद के नीचे देख लिया। जिस वक्त बॉल ने जमीन को छुआ सभी अंगुलियां नीचे की तरफ गिर रही थी।'