T20 World Cup से पहले ऑस्ट्रेलिया करेगा पाकिस्तान का दौरा, लाहौर में खेली जाएगी 3 मैचों की टी20 सीरीज

PAK vs AUS: टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले ऑस्ट्रेलिया की टीम तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए पाकिस्तान का दौरा करेगी। उसके बाद ऑस्ट्रेलिया की टीम भारत पहुंचेगी। जहां टी20 वर्ल्ड कप खेला जाएगा।
Pakistan to host Australia before T20 World Cup
ऑस्ट्रेलिया बनाम पाकिस्तान (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Pakistan to host Australia: टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत में अब एक महीने से भी कम का समय बचा है। इस वर्ल्ड कप से ऑस्ट्रेलिया की टीम तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए पाकिस्तान का दौरा करेगी। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) 29 जनवरी से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन टी20 मुकाबलों की मेजबानी करेगा। यह सीरीज लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेली जाएगी।

भारत और श्रीलंका की मेजबानी में 7 फरवरी से टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत होगी, जिससे पहले यह सीरीज पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया को तैयारी का बेहतरीन मौका देगी। पाकिस्तान के खिलाफ इस सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम 28 जनवरी को लाहौर पहुंचेगी। 29 से टी20 सीरीज का मुकाबला खेला जाएगा। 29 जनवरी को पहला, 31 जनवरी को दूसरा और 1 फरवरी को तीसरा टी20 मुकाबला खेला जाएगा।

PCB के सीओओ ने क्या कहा?

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के सीओओ सुमैर अहमद सैयद ने कहा, "यह दौरा पाकिस्तान क्रिकेट फैंस के लिए साल की एक शानदार शुरुआत है। मैं उनसे गुजारिश करता हूं कि वे सीरीज के दौरान भारी तादाद में आकर दोनों टीमों को सपोर्ट करें, क्योंकि ये टीमें अपने टी20 वर्ल्ड कप की तैयारियों को अंतिम रूप दे रही हैं।" उन्होंने आगे कहा, "मुझे यकीन है कि गद्दाफी स्टेडियम ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के लिए एक जानी-पहचानी जगह बन गई है, क्योंकि उन्होंने मार्च 2022 से यहां एक टेस्ट, पांच वनडे और एक टी20 मैच खेला है।"

2022 के बाद से यह ऑस्ट्रेलिया का तीसरा पाकिस्तान दौरा होगा

मार्च-अप्रैल 2022 के बाद से यह ऑस्ट्रेलिया का तीसरा पाकिस्तान दौरा होगा। साल 2022 में ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तानी सरजमीं पर तीन मुकाबलों की टेस्ट और वनडे सीरीज खेली थी, जिसके बाद एक टी20 मुकाबला खेला गया था। ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के अपने तीन मैच भी खेले थे। ऑस्ट्रेलिया ने साल 2022 में गद्दाफी स्टेडियम में एकमात्र टी20 मैच खेला था, जिसमें 3 विकेट से जीत दर्ज की।

पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान को ग्रुप-ए में भारत, नामीबिया, नीदरलैंड्स और संयुक्त राज्य अमेरिका (यूएसए) के साथ रखा गया है। पाकिस्तानी टीम 7 फरवरी से अपने अभियान की शुरुआत करेगी। यह टीम कोलंबो में अपने पहले मैच में नीदरलैंड्स का सामना करेगी। वहीं, ग्रुप-बी में ऑस्ट्रेलिया को श्रीलंका, आयरलैंड, जिम्बाब्वे और ओमान के साथ रखा गया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com