

Oliver Peake ODI Debut: ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम ने एक बार फिर युवा प्रतिभाओं पर भरोसा जताते हुए भविष्य की ओर बड़ा कदम बढ़ाया है। पाकिस्तान के खिलाफ रावलपिंडी में खेले गए पहले वनडे मुकाबले में 19 वर्षीय बल्लेबाज ओलिवर पीक को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण का मौका मिला। इस डेब्यू के साथ ही उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के इतिहास में एक खास उपलब्धि अपने नाम कर ली।
ओलिवर पीक ने 19 साल और 261 दिन की उम्र में वनडे क्रिकेट में कदम रखा। इसके साथ ही वह ऑस्ट्रेलिया के लिए वनडे डेब्यू करने वाले सबसे युवा स्पेशलिस्ट बल्लेबाज बन गए। उन्होंने इस मामले में महान बल्लेबाज रिकी पोंटिंग को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 20 साल और 58 दिन की उम्र में अपना वनडे डेब्यू किया था। पीक अब ऑस्ट्रेलिया के लिए वनडे खेलने वाले चौथे सबसे युवा खिलाड़ी भी बन चुके हैं।
मैच से पहले कार्यवाहक कप्तान जोश इंग्लिस ने ओलिवर पीक और तेज गेंदबाज बिली स्टैनलेक के अंतिम एकादश में शामिल होने की पुष्टि की थी। युवा बल्लेबाज को लेकर इंग्लिस ने कहा, "पीक के लिए यह बेहद रोमांचक पल है। पिछले कुछ वर्षों में उसने जिस तरह का प्रदर्शन किया है, वह इस मौके का पूरी तरह हकदार है। टीम के साथ जुड़ने के बाद उसने सभी को प्रभावित किया है।"
विक्टोरिया से आने वाले ओलिवर पीक को ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट का भविष्य माना जा रहा है। वह ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम की कप्तानी कर चुके हैं और अंडर-19 विश्व कप में भी अपनी छाप छोड़ चुके हैं। इसके अलावा शेफील्ड शील्ड और बिग बैश लीग में भी उन्होंने प्रभावशाली प्रदर्शन किया है। हालांकि उनके घरेलू क्रिकेट के आंकड़े अभी बहुत बड़े नहीं हैं, लेकिन चयनकर्ताओं का मानना है कि उनकी सबसे बड़ी ताकत दबाव की परिस्थितियों में शांत रहकर खेलना और मैच की जरूरत के अनुसार बल्लेबाजी करना है।
इस साल अंडर-19 विश्व कप के सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ लगाया गया उनका शानदार शतक काफी चर्चा में रहा था। भले ही ऑस्ट्रेलिया वह मुकाबला जीत नहीं पाया, लेकिन पीक ने अपनी बल्लेबाजी से यह साबित कर दिया था कि उनमें बड़े मंच पर सफल होने की क्षमता मौजूद है।
पाकिस्तान दौरे पर ऑस्ट्रेलियाई टीम कई प्रमुख खिलाड़ियों के बिना उतरी है। पैट कमिंस, जोश हेजलवुड, मिचेल स्टार्क, ट्रेविस हेड और मिचेल मार्श जैसे खिलाड़ी चोट या अन्य प्रतिबद्धताओं के कारण उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला है। मिचेल मार्श की गैरमौजूदगी को लेकर जोश इंग्लिस ने कहा, "अपने कप्तान को खोना निश्चित तौर पर निराशाजनक है। मिच टीम के बेहद अहम खिलाड़ी हैं और उनका नहीं होना हमारे लिए बड़ा झटका है।"