न्यूजीलैंड ने जीता टी20 विश्वकप का खिताब, फाइनल में चोकर्स साबित हुई अफ्रीकी टीम, 32 रनों से मिली मात

टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में एक बार फिर अफ्रीकी टीम 'चोकर्स' साबित हुई। इस बार अंतर केवल इतना रहा कि अफ्रीका की महिला टीम टी20 वर्ल्ड कप हारी है। वहीं न्यूजीलैंड ने पहली बार यह खिताब अपने नाम किया है।
न्यूजीलैंड की महिला टीम ने टी20 विश्व कप का खिताब जीता
वर्ल्ड कप ट्रॉफी के साथ न्यूजीलैंड की टीम (सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

दुबई: टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में एक बार फिर अफ्रीकी टीम 'चोकर्स' साबित हुई। इस बार अंतर केवल इतना रहा कि अफ्रीका की महिला टीम टी20 वर्ल्ड कप का खिताब हार गईं। इससे पहले अफ्रीकी पुरुष टीम भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2024 का फाइनल हार गई थी। महिला टी20 वर्ल्ड कप 2024 के फाइनल में न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को 32 रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया।

अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच महिला टी20 वर्ल्ड कप 2024 का खिताबी मुकाबला दुबई के दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। मैच में अफ्रीका ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले गेंदबाजी करने का फैसला अफ्रीका के लिए बड़ी गलती साबित हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 158/5 रन बनाए।

न्यूजीलैंड की ओर से सबसे बड़ी पारी एमेलिया केर ने खेली, उन्होंने 38 गेंदों में 4 चौकों की मदद से 43 रन बनाए। 159 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की टीम न्यूजीलैंड के गेंदबाजों के सामने ढेर हो गई। ओपनिंग करने उतरी कप्तान लॉरा वोल्वार्ड्ट और ताजमिन ब्रिट्स ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 51 (41 गेंद) रन जोड़े। यह शानदार साझेदारी 7वें ओवर में खत्म हुई जब ताजमिन ब्रिट्स 18 गेंदों में 1 चौके की मदद से 17 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं।

रनों का पीछा करने में ढही अफ्रीका

इस पहले विकेट के बाद अफ्रीकी टीम संभल नहीं पाई। यहां से टीम ने जल्दी-जल्दी विकेट गंवाए। इसके बाद टीम को दूसरा झटका 10वें ओवर में कप्तान लॉरा वोल्वार्ड्ट के रूप में लगा जो 27 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 33 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। फिर टीम ने 10वें ओवर में तीसरा विकेट भी गंवा दिया। इस बार एनेके बॉश आउट हुईं जिन्होंने 13 गेंदों में 1 चौके की मदद से 09 रन बनाए। आगे बढ़ते हुए अफ्रीका को अगला झटका 12वें ओवर की आखिरी गेंद पर 77 रन के स्कोर पर मारिजेन कैप (08) के रूप में लगा।

फिर टीम ने अगले यानी 12वें ओवर की पहली गेंद पर 77 रन के स्कोर पर पांचवां विकेट गंवा दिया। अफ्रीका ने अपना पांचवां विकेट नादिन डी क्लार्क (06) के रूप में गंवाया। फिर टीम ने 16वें ओवर की पहली गेंद पर छठा विकेट, 18वें ओवर की तीसरी गेंद पर सातवां विकेट, 19वें ओवर की पहली गेंद पर आठवां विकेट और 19वें ओवर की पांचवीं गेंद पर नौवां विकेट गंवाया। 20 ओवर में अफ्रीका की टीम बोर्ड पर 126/9 रन ही लगा सकी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com