

नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2022 (T20 World Cup 2022) के बाद अब भारत और न्यूजीलैंड (India vs New Zealand) के बीच तीन-तीन मैचों की टी20 (T20) और वनडे (ODI) सीरीज खेली जाने वाली है। इन दोनों सीरीज के लिए अब न्यूजीलैंड क्रिकेट ने अपनी टीम का ऐलान किया है। इस टीम से दो दिग्गज खिलाड़ियों को बाहर कर दिया गया है। इन दोनों सीरीज के लिए न्यूजीलैंड टीम की कमान केन विलियमसन को सौंपी गई है।
भारत और न्यूजीलैंड (India vs New Zealand) के बीच 19 नवंबर से तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज शुरू होने वाली है। वहीं, इसके बाद भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाने वाली है। इन सीरीज के लिए 13-13 सदस्यीय टीम का चयन किया है, लेकिन इसमें ओपनर मार्टिन गप्टिल और तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट को जगह नहीं मिली है।
इन सीरीज में न्यूजीलैंड क्रिकेट ने गप्टिल की जगह होनहार फिन एलेन को शामिल किया गया है। वहीं, ट्रेंट बोल्ट ने पहले ही सालाना करार करने से इंकार कर दिया है।
न्यूज़ीलैंड के कोच गैरी स्टीड ने कहा कि बोल्ट और गप्टिल को टीम में शामिल न करना काफी बड़ा फैसला था। लेकिन इस जोड़ी के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वापसी के लिए अभी भी दरवाजा खुला है। उन्होंने कहा, "जब ट्रेंट ने अगस्त में अपने एनजेडसी अनुबंध से बाहर निकलने का विकल्प चुना, तो हमने संकेत दिया कि उन खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी जाएगी जिनके पास केंद्रीय या घरेलू अनुबंध हैं, और यहां ऐसा ही हुआ है।"
न्यूजीलैंड की टी20 टीम: केन विलियमसन (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, डेवोन कॉनवे, लॉकी फर्ग्यूसन, डेरिल मिचेल, एडम मिल्ने, जिमी नीशम, ग्लेन फिलिप्स, मिचेल सेंटनर, ईश सोढ़ी, टिम साउदी और ब्लेयर टिकनर
न्यूजीलैंड की वनडे टीम: केन विलियमसन (c), फिन एलेन, माइकल ब्रेसवेल, डेवोन कॉनवे, लॉकी फर्ग्यूसन, मैट हेनरी, टॉम लैथम, डेरिल मिचेल, एडम मिल्ने, जिमी नीशम, ग्लेन फिलिप्स, मिचेल सेंटनर और टिम साउदीे