बलात्कार के मामले में अंतिम फैसला आने तक न्यायिक हिरासत में भेजे गए नेपाली क्रिकेटर संदीप लामिछाने

Nepal Cricket Team Captain Sandeep Lamichhane Accused Of Raping Minor, Probe Underway
Published on: 
Updated on: 

काठमांडू. नेपाल के स्टार क्रिकेटर संदीप लामिछाने (Sandeep Lamichhane) की मुश्किलें ख़त्म होने का नाम नहीं ले रही है। काठमांडू जिला अदालत ने शुक्रवार संदीप को एक नाबालिग से बलात्कार के मामले में अंतिम सुनवाई तक न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया है। बता दें कि इस मामले की प्रारंभिक सुनवाई काठमांडू जिला न्यायालय में जमानत की सुनवाई पूरी होने के बाद होगी।

पुलिस ने इस मामले में लामिछाने के लिए 12 साल की सजा की मांग की है। लेकिन, लामिछाने पहले दिन से ही इसे बदनाम करने और अपने बढ़ते करियर को प्रभावित करने की चाल बताते हुए खुद को निर्दोष बता रहे हैं।

6 सितंबर को, एक 17 वर्षीय लड़की ने नेपाल की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के तत्कालीन कप्तान संदीप लामिछाने के खिलाफ बलात्कार का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। औपचारिक शिकायत के दो दिन बाद, काठमांडू पुलिस को उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट प्राप्त हुआ। उसी दिन, नेपाल क्रिकेट संघ (CAN) ने लामिछाने को टीम से निलंबित कर दिया। अगले दिन, लामिछाने ने अपनी सीपीएल टीम छोड़ने की घोषणा की। साथ ही कहा कि वह जल्द ही घर लौट आएंगे।

11 सितंबर को, आव्रजन विभाग ने बलात्कार के आरोपी क्रिकेट स्टार संदीप लामिछाने को ब्लैकलिस्ट कर दिया, ताकि उसके देश में प्रवेश करते ही पुलिस उसे गिरफ्तार कर सके। 25 सितंबर को लगभग दो सप्ताह की चुप्पी के बाद संदीप ने कहा कि वह तनाव से निपटने के लिए अलग-थलग हैं, लेकिन मामले का बचाव करने के लिए वापस आएंगे। 

अगले दिन, नेपाल पुलिस इंटरपोल के सभी सदस्यों के बीच एक प्रसार नोटिस प्रसारित करती है, जिसमें लामिछाने को गिरफ्तार करने में मदद मांगी जाती है। जिसके बाद 6 अक्टूबर को लामिछाने जैसे ही नेपाल के काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे जहां से उन्हें तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया। उन्हें 10 अक्टूबर को कोर्ट सात दिनों के लिए रिमांड पर भेजा। इसके बाद कोर्ट ने रिमांड को फिर पांच दिन के लिए बढ़ा दी। वहीं, 19 अक्टूबर को चार दिन और 23 अक्टूबर दो दिन रिमांड बढ़ा दी गई। इसके बाद सरकारी वकील के कार्यालय ने संदीप लामिछाने के खिलाफ 10 से 12 साल की जेल की सजा की मांग करते हुए मुकदमा दायर किया।

गौरतलब है कि नेपाली क्रिकेटर संदीप लामिछाने पर 17 वर्षीय लड़की ने उसके साथ बलात्कार करने का आरोप लगाया है। नाबालिक लड़की ने गौशाला महानगर पुलिस सर्कल में संदीप के खिलाफ शिकायत दर्ज की है। नाबालिक लड़की ने आरोप लगाया कि, क्रिकेटर ने अगस्त महीने में एक होटल में उसके साथ दुष्कर्म किया। 21 अगस्त को संदीप कथित तौर पर लड़की को काठमांडू और भक्तपुर के विभिन्न स्थानों पर ले गया। उसी रात काठमांडू के एक होटल में उसके साथ बलात्कार किया।

Navbharat Live
navbharatlive.com