

Subramaniam Badrinath On MS Dhoni Role: एमएस धोनी ने आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए एक भी मुकाबला नहीं खेला था। हालांकि, उन्होंने अभी तक आईपीएल से संन्यास का ऐलान नहीं किया है। ऐसे में अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आईपीएल 2027 में धोनी किस भूमिका में नजर आएंगे।
सीएसके के पूर्व खिलाड़ी एस. बद्रीनाथ ने धोनी की भूमिका को लेकर बड़ा खुलासा किया है। बद्रीनाथ के मुताबिक, धोनी खुद को इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर नहीं देखते हैं। वो मैदान पर बतौर फुल-टाइम विकेटकीपर खेलना पसंद करते हैं।
बद्रीनाथ ने अपने यूट्यूब चैनल पर बताया कि धोनी ने उन्हें निजी तौर पर कहा था कि वो इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर नहीं खेलेंगे। धोनी खुद को एक ऐसे खिलाड़ी के रूप में देखते हैं जो पूरे 20 ओवर विकेटकीपिंग करे।
बद्रीनाथ का मानना है कि अगर एमएस धोनी इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर खेलते हैं तो सीएसके को रणनीतिक फायदा मिल सकता है। उन्होंने कहा कि धोनी का शरीर लगातार लंबे समय तक मैदान पर रहने का साथ नहीं दे सकता।
उनके मुताबिक, धोनी को मैच के आखिरी हिस्से में बल्लेबाजी के लिए उतारा जा सकता है और विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी भी सीमित रखी जा सकती है। ऐसे में इम्पैक्ट प्लेयर का विकल्प सीएसके के लिए फायदेमंद हो सकता है।
लेकिन सबसे दिलचस्प बात यह है कि धोनी खुद इस भूमिका के लिए तैयार नहीं बताए जा रहे हैं। ऐसे में आईपीएल 2027 में उनका रोल सीएसके के लिए बड़ा सवाल बन गया है।
बद्रीनाथ ने इम्पैक्ट प्लेयर नियम को लेकर चल रही बहस के बीच शिवम दुबे का उदाहरण भी दिया। उन्होंने कहा कि दुबे भारतीय टीम के लिए गेंदबाजी करते हैं, लेकिन सीएसके के लिए उन्हें गेंद के साथ सही तरीके से इस्तेमाल नहीं किया गया।
बद्रीनाथ के मुताबिक, इसके लिए इम्पैक्ट प्लेयर नियम को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने कहा कि सीएसके प्रबंधन को दुबे का गेंदबाजी में बेहतर इस्तेमाल करना चाहिए।
बद्रीनाथ ने सीएसके के स्पिनर अकील हुसैन को इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर रखने के फैसले पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि अकील को शुरुआती एकादश में जगह मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सीएसके अकील को इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर बाहर रखता है और खराब बल्लेबाजी के बाद अतिरिक्त बल्लेबाज को मैदान पर उतारता है।
बद्रीनाथ ने इसे टीम की रणनीतिक गलती बताया। अब निगाहें आईपीएल 2027 पर हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या धोनी एक बार फिर सीएसके की जर्सी में नजर आएंगे और अगर आएंगे तो उनकी भूमिका क्या होगी।