Ranji Trophy: '22 गज को छोड़ो...', फाइनल से पहले मोहम्मद शमी ने जम्मू-कश्मीर के गेंदबाजों को दी खास सलाह

Ranji Trophy: रणजी ट्रॉफी 2025-26 के फाइनल में जम्मू-कश्मीर की टीम पहली बार पहुंची। टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने फाइनल से पहले गेंदबाजों को स्टंप पर फोकस करने की सलाह दी।
Mohammed Shami’s message to J&K bowlers
मोहम्मद शमी जम्मू-कश्मीर के गेंदबाजों के साथ (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Mohammed Shami’s message to J&K bowlers: बीसीसीआई द्वारा आयोजित रणजी ट्रॉफी 2025-26 का फाइनल जम्मू-कश्मीर और कर्नाटक के बीच खेला जाएगा। इस मुकाबले में से पहले टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाजों को एक अहम सलाह दी है। सेमीफाइनल में बंगाल को हराकर जम्मू-कश्मीर ने पहली बार खिताबी मुकाबले में अपनी जगह बनाई है।

बीसीसीआई ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें शमी जम्मू-कश्मीर के गेंदबाजों को फाइनल मैच के लिए सलाह देते हुए नजर आ रहे हैं। शमी ने वीडियो में कहा, "स्विंग, लेंथ, तेज गेंद कैसे डालनी है और कौन सी बॉल फेंकनी है, यह सब कुछ भूल जाओ। 22 गज की पिच को भूल जाओ और सिर्फ स्टंप पर फोकस करो। इसके अलावा बाकी सभी चीजों को छोड़ दो। कहां क्या हो रहा है इसकी चिंता मत करो।"

शमी ने आकिब नबी को दी कुछ अहम सलाह

शमी वीडियो में खासतौर पर आकिब नबी डार के साथ बातचीत करते हुए दिखाई दिए। जम्मू-कश्मीर को पहली बार फाइनल तक पहुंचाने में आकिब नबी का रोल काफी अहम रहा है। बंगाल के खिलाफ खेले गए सेमीफाइनल मैच में आकिब ने शानदार गेंदबाजी करते हुए मैच में कुल 9 विकेट अपने नाम किए थे। वहीं, क्वार्टर फाइनल मुकाबले में मध्य प्रदेश के खिलाफ भी आकिब ने 12 विकेट निकाले थे।

पहली पारी में बढ़त के बाद भी हारी बंगाल की टीम

सेमीफाइनल मैच में बंगाल ने पहली पारी में 328 रन स्कोर बोर्ड पर लगाए थे, जिसके जवाब में जम्मू-कश्मीर ने 302 रन बनाए थे। टीम की तरफ से अब्दुल समद ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 82 रनों की दमदार पारी खेली थी। वहीं, कप्तान पारस डोगरा ने 58 रनों का योगदान दिया था।

हालांकि, दूसरी पारी में आकिब नबी और सुनील कुमार की जोड़ी ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए बंगाल की पूरी टीम को महज 99 रनों पर समेट दिया था। आकिब और सुनील ने चार-चार विकेट चटकाए थे। जम्मू-कश्मीर ने 126 रनों के लक्ष्य को सिर्फ 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया था। टीम की ओर से वंशज शर्मा 43 रन बनाकर नाबाद रहे थे, तो अब्दुल समद ने 27 गेंदों में 30 रन बनाए थे।

Navbharat Live
navbharatlive.com