Champions Trophy गंवाने के बाद न्यूजीलैंड के कप्तान ने रोया दुखड़ा, कहा- हम लड़े लेकिन...

फाइनल गंवाने के बाद न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने स्वीकार किया कि भारतीय कप्तान रोहित शर्मा की असाधारण पारी ने चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में दोनों टीमों के बीच अंतर पैदा किया
SANTNER
Published on: 
Updated on: 

स्पोर्ट्स डेस्क: भारत ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराकर चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीत लिया। फाइनल का मुकाबला काफी मजेदार हुआ। न्यूजीलैंड की टीम ने अंत तक हार नहीं मानी। दोनों टीमों के बीच शानदार मुकाबला देखने को मिला। फाइनल गंवाने के बाद न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने स्वीकार किया कि भारतीय कप्तान रोहित शर्मा की असाधारण पारी ने चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में दोनों टीमों के बीच अंतर पैदा किया

सेंटनर ने मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि मुझे लगता है कि रोहित शर्मा ने जिस तरह से खेला उससे मैच हमारी पहुंच से दूर हो गया। भारत ने दुबई की परिस्थितियों को अच्छी तरह समझा और अच्छा क्रिकेट खेला। मुझे लगता है कि यह कड़वा-मीठा अंत रहा। सेंटनर ने कहा कि खिताबी मुकाबले में हार के बावजूद उन्हें अपनी टीम पर ‘गर्व' है।

मुझे अपने टीम पर गर्व है

उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि फाइनल में हमारा सामना एक अच्छी टीम से हुआ। हमने इस पूरे मैच में कई बार चुनौती दी, जो सुखद था और मुझे लगता है कि शायद कुछ ऐसे छोटे-मोटे पल भी रहे, जब हमने इसे अपने से दूर जाने दिया। लेकिन हां, इस पूरे टूर्नामेंट में जिस तरह से हमने इस टीम के साथ खेला है, उस पर मुझे बहुत गर्व है। सेंटनर ने कहा कि उनकी टीम दुबई की पिच और परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार थी जो लाहौर से काफी अलग थी जहां उन्होंने दक्षिण अफ्रीका को सेमीफाइनल में हराया था।

भारत को अंत तक टक्कर दिया

उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि हम भारत के खिलाफ लगातार खेल रहे हैं जो हमेशा एक चुनौती होती है। हमें पता था कि परिस्थितियां सेमीफाइनल से थोड़ी अलग होंगी लेकिन हम इसके लिए तैयार थे। हमने फिर भी अच्छा प्रदर्शन किया और भारत को अंत तक टक्कर दी। लेकिन हर मैच में कुछ ऐसे पल होते हैं जहां आप संभावित रूप से सुधार कर सकते हैं। खेल की अन्य खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

मैट हेनरी की कमी खली

न्यूजीलैंड के कप्तान ने माना कि मैट हेनरी की कमी उन्हें खली जो कंधे की चोट के कारण खिताबी मुकाबले से बाहर हो गए थे। तेज गेंदबाज हेनरी 10 विकेट लेकर इस प्रतियोगिता में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। सेंटनर ने कहा कि वह एक बेहतरीन गेंदबाज है। हमने देखा है कि वह उन विकेटों पर भी मूवमेंट हासिल करने में सक्षम है जो ऐसी नहीं लगती कि उनसे मदद मिलेगी। इसलिए मुझे लगता है कि आज हमें इसकी कमी खली।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com