मैथ्यू वेड ने स्वीकारी अपनी गलती, कहा-'मार्क वुड के साथ जानबूझकर नहीं किया...'

Matthew Wade admits to obstructing Mark Wood, says it wasn't intentional
Published on: 
Updated on: 

मेलबर्न: ऑस्ट्रेलिया (Australia) के विकेटकीपर बल्लेबाज मैथ्यू वेड (Matthew Wade) ने पिछले हफ्ते पर्थ में पहले टी20 के (T20 Match) दौरान इंग्लैंड के तेज गेंदबाज मार्क वुड (Mark Wood) को क्षेत्ररक्षण में बाधा पहुंचाने की बात स्वीकार की और कहा कि अगर विरोधी टीम अपील करती तो वह खुशी से मैदान से बाहर चले जाते।

बाएं हाथ के बल्लेबाज वेड ने गेंद को हवा में खेला और फिर अपने हाथ खोल दिए जिससे कि वुड अपनी ही गेंद पर कैच नहीं लपक पाएं या रन आउट नहीं कर पाएं। वेड ने कुछ भी गलत करने से इनकार किया लेकिन बाद में स्वीकार किया कि उन्होंने जब रीप्ले देखा तो उन्हें अपनी गलती समझ आई।

‘क्रिकेट.कॉम.एयू' के ‘द अनप्लेयेबल पोडकास्ट' ने वेड के हवाले से कहा, ‘‘जब मैंने मैच के बाद इसे देखा तो काफी बुरा लग रहा था। यह इस तरह की चीज थी जो काफी तेजी से हो जाती है।'' उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि जब मैं मैदान से जा रहा था तो (टीम के साथी) केन रिचर्डसन ने कहा, ‘तुमने असल में उसे धक्का दिया'। मैं हैरान था। मैंने कहा, ‘नहीं मैंने ऐसा नहीं किया।' और फिर मैंने रीप्ले देखा और मुझे लगा कि हां, मैंने ऐसा किया।''

वेड (Matthew Wade) ने कहा, ‘‘शुरुआत में मुझे नहीं पता था कि गेंद बल्ले से लगी है या नहीं। यह मेरे सिर में लगी, मैं रन के लिए दौड़ पड़ा, डेवी (डेविड वार्नर) ने मुझे वापस भेज दिया, मैं पलटा और मैंने प्वाइंट पर खड़े खिलाड़ी को भागकर आते हुए देखा।'' उन्होंने कहा, ‘‘इसके बाद मुझे नहीं पता कि मैं रन आउट होने वाला था या गेंद कहां थी। सारी चीजें इसी तरह हुईं। इंग्लैंड की टीम ने अपील नहीं की लेकिन वेड ने कहा कि अगर वे ऐसा करते तो वह विरोध नहीं करते। (एजेंसी)

Navbharat Live
navbharatlive.com