रबड़ बॉल क्रिकेट खेलते हुए स्कूप शॉट में महारत हासिल की: सूर्यकुमार यादव

Suryakumar Yadav scoop shot
PIC: Twitter
Published on: 
Updated on: 

मेलबर्न: सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) का जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज रिचर्ड नगारवा की गेंद पर लगाया गया स्कूप शॉट टी20 विश्वकप (t20 World Cup 2022) में चर्चा का विषय बना हुआ है और इस आक्रामक भारतीय बल्लेबाज ने कहा कि उन्होंने रबड़ बॉल से खेलते हुए इस विशिष्ट शॉट में महारत हासिल की थी। सूर्यकुमार ने रविवार को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर अपने विविधता पूर्ण स्ट्रोक्स से 82000 दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया था। 

उन्होंने 25 गेंदों पर नाबाद 61 रन की पारी खेली जिससे भारत ने पांच विकेट पर 186 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया था। इस 32 वर्षीय बल्लेबाज ने अपनी पारी में चार छक्के और छह चौके लगाए थे। पारी की आखिरी गेंद पर लगाया गया उनका एक शॉट विशिष्ट था। उन्होंने घुटने के बल पर रिचर्ड नगारवा की ऑफ स्टंप से बाहर की फुलटॉस को स्कूप करके छह रन के लिए भेज दिया था। रवि शास्त्री और सुनील गावस्कर जैसे पूर्व खिलाड़ियों ने उनके इस प्रयास की जमकर प्रशंसा की। 

टी20 में विश्व के नंबर एक बल्लेबाज सूर्य कुमार ने स्टार स्पोर्ट्स के कार्यक्रम में कहा,‘‘आपको यह समझना होता है कि उस समय गेंदबाज कौन सी गेंद करने वाला है जो कि उस समय कुछ हद तक पूर्व निर्धारित होता है। मैंने रबड़ बॉल क्रिकेट खेलते हुए इस शॉट का जमकर अभ्यास किया था।''

उन्होंने कहा,‘‘ इसलिए आपको यह जानना होता है कि गेंदबाज उस समय क्या सोच रहा है। तब मैं खुद पर भरोसा करता हूं। आपको पता होता है कि सीमा रेखा कितनी दूर है। जब मैं क्रीज पर होता हूं तो मुझे लगता है कि यह केवल 60-65 मीटर दूर है तथा गेंद की तेजी को भांपकर मैं सही टाइमिंग से शॉट लगाने की कोशिश करता हूं। मैं गेंद को बल्ले के स्वीट स्पॉट पर लेने की कोशिश करता हूं और अगर वह सही तरह से हिट होती है तो सीमा रेखा के बाहर चली जाती है।''

सूर्यकुमार ने इस पर भी बात की कि वह दबाव की परिस्थितियों से कैसे निपटते हैं। उन्होंने कहा,‘‘ जब मैं बल्लेबाजी के लिए जाता हूं तो कुछ बाउंड्री लगाने की कोशिश करता हूं और अगर मैं ऐसा नहीं कर पाया तो विकेटों के बीच तेजी से दौड़ लगाकर अधिक से अधिक रन जुटाने की कोशिश करता हूं। यदि आप विराट भाई के साथ बल्लेबाजी कर रहे हो तो आपको तेजी से रन चुराना ही पड़ेगा।''  

सूर्यकुमार ने कहा,‘‘ मैं ऐसा करने का प्रयास करता हूं तथा खाली जगहों पर शॉट खेल कर तेजी से रन बनाने की कोशिश करता हूं। लेकिन मैं जानता हूं कि मुझे उस समय किस तरह के शॉट खेलने की जरूरत है। मैं स्वीप, ओवर कवर और कट शॉट खेलता हूं और अगर इसमें मैं सफल रहता हूं तो फिर वहां से खेल को आगे बढ़ाता हूं।'' (एजेंसी)

Navbharat Live
navbharatlive.com