न्यूजीलैंड टीम से विदाई की तैयारी में ल्यूक रोंची, बिग बैश लीग में मेलबर्न रेनेगेड्स के बने नए हेड कोच

BBL 16: न्यूजीलैंड टीम को लगा बड़ा झटका, पूर्व न्यूजीलैंड विकेटकीपर-बल्लेबाज ल्यूक रोंची बने मेलबर्न रेनेगेड्स के नए हेड कोच। भारत दौरे के बाद छोड़ेंगे कीवी टीम का साथ और संभालेंगे नई जिम्मेदारी।
Luke Ronchi preparing to part ways with the New Zealand team; appointed as the new head coach of the Melbourne Renegades in the Big Bash League.
ल्यूक रोंची (सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Luke Ronchi Melbourne Renegades Head Coach: बिग बैश लीग (BBL) के नए सीजन से पहले मेलबर्न की दोनों फ्रेंचाइजियों में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। पूर्व न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के विकेटकीपर-बल्लेबाज ल्यूक रोंची को मेलबर्न रेनेगेड्स का नया मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। वहीं, रेनेगेड्स के पूर्व कोच कैमरून व्हाइट अब मेलबर्न स्टार्स के नए हेड कोच होंगे। स्टार्स के मौजूदा कोच पीटर मूर क्लब में डायरेक्टर ऑफ कोचिंग की नई भूमिका निभाएंगे।

भारत दौरे के बाद चले जाऐगें रोंची

45 वर्षीय रोंची न्यूजीलैंड क्रिकेट के साथ छह साल तक बल्लेबाजी कोच की भूमिका निभाने के बाद ये जिम्मेदारी संभालेंगे। हालांकि, वो दिसंबर की शुरुआत तक भारत दौरे के समाप्त होने तक न्यूजीलैंड टीम के साथ बने रहेंगे और इसके बाद पूरी तरह रेनेगेड्स से जुड़ जाएंगे। हाल ही में उन्होंने पाकिस्तान सुपर लीग में 'इस्लामाबाद यूनाइटेड' को प्लेऑफ तक पहुंचाया था।

क्या बेन स्टोक्स भी दिखेंगे टीम में?

रेनेगेड्स के हाई परफॉर्मेंस मैनेजर क्लिंट मैके के साथ मिलकर रोंची सहायक कोचों की नियुक्ति और टीम के पुनर्निर्माण का काम शुरू करेंगे। क्लब की नजर विदेशी खिलाड़ियों पर भी है और रिपोर्ट्स के मुताबिक रेनेगेड्स ने इंग्लैंड के पूर्व टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स की उपलब्धता को लेकर भी संपर्क किया है।

नए सिरे से शुरु करेगा रेनेगेड्स

ये बदलाव ऐसे समय में हुआ है जब मेलबर्न के दोनों बिग बैश लीग क्लब पिछले कुछ महीनों से बड़े प्रशासनिक बदलावों से गुजर रहे हैं। निजी निवेश और क्लबों के बदलाव की योजना फिलहाल ठप पड़ चुकी है, जिसके बाद रेनेगेड्स को लगभग नए सिरे से तैयार किया जा रहा है।

ल्यूक रोंची ने क्या कहा?

ल्यूक रोंची ने कहा कि हाल के महीनों में खिलाड़ियों ने काफी मुश्किल दौर देखा है और उनका पहला लक्ष्य टीम के भीतर सकारात्मक माहौल बनाना होगा। उन्होंने कहा, 'मैं ऐसा वातावरण बनाना चाहता हूं जहां खिलाड़ी खुलकर खेल सकें, अपनी क्षमता का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें और इस सीजन खिताब के लिए चुनौती पेश करें।'

टॉम लैथम ने की रोंची की तारीफ

न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम ने भी रोंची की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में टीम के लगभग हर खिलाड़ी के खेल में सुधार आया है और उनकी कमी टीम को जरूर खलेगी।

दूसरी ओर, कैमरून व्हाइट अब मेलबर्न स्टार्स की कमान संभालेंगे। उन्होंने हाल ही में 'मेजर लीग क्रिकेट' में सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स को प्लेऑफ तक पहुंचाया था। स्टार्स को उम्मीद है कि व्हाइट और पीटर मूर की जोड़ी टीम को नए सीजन में खिताब की दौड़ में मजबूत दावेदार बनाएगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com