कप्तानी से फिनिशर तक, हर जिम्मेदारी में खरा उतरा ये स्टार खिलाड़ी; जानें ऐसी है उसकी कहानी

Happy Birthday KL Rahul: भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज केएल राहुल 34 साल के हो गए हैं, जिन्होंने हर भूमिका में खुद को साबित करते हुए टीम के लिए लगातार शानदार प्रदर्शन किया और कई मैच जिताए।
KL Rahul Birthday
केएल राहुल (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

KL Rahul Birthday: भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज केएल राहुल आज 18 अप्रैल को 34 साल के हो गए हैं। राहुल उन खिलाड़ियों में शामिल हैं जिन्होंने टीम की जरूरत के मुताबिक हर भूमिका को स्वीकार किया और हमेशा अपना शत-प्रतिशत दिया। चाहे ओपनिंग की जिम्मेदारी हो, मिडिल ऑर्डर में संतुलन बनाना हो या विकेटकीपिंग का अतिरिक्त दबाव, उन्होंने हर चुनौती को बखूबी निभाया। केएल राहुल ने कई अहम मौकों पर टीम के लिए मैच जिताऊ पारियां खेलीं और मुश्किल परिस्थितियों में खुद को साबित किया।

केएल राहुल का जन्म 18 अप्रैल 1992 को कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में हुआ था। कर्नाटक भारतीय क्रिकेट का एक ऊर्जावान और समृद्ध राज्य रहा है। अनिल कुंबले, जवागल श्रीनाथ, राहुल द्रविड़ और वेंकटेश प्रसाद जैसे क्रिकेटर वहां से निकलकर भारतीय टीम का बड़ा चेहरा बने हैं। क्रिकेट की आबोहवा का असर राहुल पर भी पड़ा और उन्होंने इसी खेल में अपना करियर बनाने का निश्चय किया।

2010 में राहुल ने कर्नाटक के लिए किया डेब्यू

2010 में प्रथम श्रेणी क्रिकेट में कर्नाटक के लिए डेब्यू करने वाले इस खिलाड़ी ने घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में तीनों ही फॉर्मेट में अच्छा प्रदर्शन किया और भारतीय टीम में अपनी मजबूत जगह बनाई। भारतीय टीम के छठे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए अपने करियर का आगाज करने वाले राहुल ने खुद को तीनों ही फॉर्मेट में ओपनर बल्लेबाज के रूप में स्थापित किया।

KL Rahul Breaks MS Dhoni's Record
केएल राहुल (फोटो-सोशल मीडिया)

हालांकि, उनकी ओपनिंग लंबे समय तक उनके साथ नहीं रही। तीनों ही फॉर्मेट में उनके बल्लेबाजी क्रम में लगातार बदलाव होता रहा। यह सब टीम की जरूरत और दूसरे खिलाड़ियों की स्थिति के अनुसार होता है। वनडे विश्व कप 2023 में राहुल ने विकेटकीपिंग भी की, ताकि टीम को एक अतिरिक्त बल्लेबाज या गेंदबाज मिल सके। मौजूदा समय में राहुल टेस्ट में पारी की शुरुआत करते हैं, तो वनडे में चौथे या पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हैं, जबकि टी20 फॉर्मेट से बाहर हैं।

तीनों फॉर्मेट में केएल राहुल ने की कप्तानी

केएल राहुल को एक समय भारतीय टीम का कप्तान भी माना जा रहा था, लेकिन कप्तानी उनके हाथ से निकल गई। हालांकि कई मैचों में उन्होंने भारतीय टीम की कप्तानी की है। राहुल ने तीनों फॉर्मेट में भारत की कप्तानी की है। भारत को 16 वनडे मैचों में 10 जीत, 3 टेस्ट मैचों में 2 जीत और 1 टी20 मैच में जीत उनकी कप्तानी में मिली है।

केएल राहुल का करियर

राहुल के करियर पर गौर करें, तो उन्होंने टेस्ट में 2014 और वनडे और टी20 में 2016 में डेब्यू किया था। 67 टेस्ट मैचों की 118 पारियों में 11 शतक और 20 अर्धशतक लगाते हुए वह 4,053 रन बना चुके हैं। 94 वनडे की 86 पारियों में दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 8 शतक और 20 अर्धशतक लगाते हुए 50.90 की औसत से 3, 360 रन और 72 टी20 की 68 पारियों में 2 शतक और 22 अर्धशतक लगाते हुए 2,265 रन बना चुके हैं। राहुल भारतीय टी20 टीम से लंबे समय से बाहर चल रहे हैं। उन्होंने अपना आखिरी टी20 10 नवंबर 2022 को खेला था।

केएल राहुल ने किया बड़ा कारनामा, IPL के इतिहास में तीन टीमों के लिए शतक बनाने वाले पहले खिलाड़ी बने
केएल राहुल (फोटो-सोशल मीडिया)

आईपीएल में केएल राहुल का करियर

राहुल इंडियन प्रीमियर लीग के भी सफलतम बल्लेबाजों में से एक हैं। 2013 में अपने आईपीएल करियर की शुरुआत करने वाले राहुल ने 2026 तक 149 मैचों की 140 पारियों में 5 शतक और 41 अर्धशतक लगाते हुए 5,333 रन बनाए हैं। आईपीएल में राहुल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी), सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच), पंजाब किंग्स, लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के लिए खेल चुके हैं। वह पंजाब किंग्स और एलएसजी के कप्तान भी रहे हैं। आईपीएल 2025 से वह दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा हैं।

राहुल ने अपने करियर में तीनों ही फॉर्मेट में और आईपीएल में कई बेहतरीन और यादगार पारियां खेली हैं, लेकिन संभवत: 34 साल के इस खिलाड़ी का श्रेष्ठ आना अभी बाकी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com