

स्पोर्ट्स डेस्क: श्रीलंका के युवा बल्लेबाज कामिंडु मेंडिस को आईसीसी ने खास पुरस्कार से सम्मानित किया है। कामिंडू मेंडिस को 2024 में शानदार प्रदर्शन करने के लिए आईसीसी इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द ईयर का पुरस्कार दिया गया है। आईसीसी ने कामिंडू मेंडिस को उभरता हुआ खिलाड़ी का खिताब दिया।
26 वर्षीय बाएं हाथ के बल्लेबाज ने तीनों फॉर्मेट में 50 से अधिक की औसत से 1451 रन बनाए। टेस्ट में उन्होंने नौ मैचों में 74.92 की औसत से 1049 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने पांच शतक और तीन अर्द्धशतक लगाए। उनके शानदार प्रदर्शन के बदौलत उन्हें आईसीसी के टेस्ट टीम में भी शामिल किया गया है। उन्होंने श्रीलंका को कई मुकाबले में अपने बल्लेबाजी के दम हारा हुआ मैच को जीत में तब्दील कर दिया।
मेंडिस ने आईसीसी को दिए बयान में कहा कि मैं इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द ईयर बनकर वाकई बहुत खुश हूं। यह मेरे लिए बहुत मायने रखता है। मैं अपने परिवार, अपने साथियों और अपने कोचों को धन्यवाद देना चाहता हूं। इंग्लैंड के खिलाफ शतकीय पारी मेरी दिल के सबसे करीब है। उन्होंने कहा कि इंग्लैंड में परिस्थिति अनुकूल नहीं होती है। इसलिए भी यह शतक काफी खास है। यह पिछले साल का बेस्ट शतक है।
इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने 183 गेंदों का सामना करते हुए 113 रनों की पारी खेली। यह पारी तब आई जब टीम मुश्किल स्थिति में फंसी हुई थी। हालांकि इस पारी के बाद भी श्रीलंका को हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद मेंडिस ने दो टेस्ट में दो अर्धशतक लगाए।
मेंडिस ने गॉल में न्यूजीलैंड के खिलाफ़ करियर की सर्वश्रेष्ठ 182 रन की पारी भी खेली। जिससे श्रीलंका टीम ने न्यूजीलैंड को 2-0 से हराकर क्लीन-स्वीप किया। इस दौरान मेंडिस टेस्ट क्रिकेट में 1000 रन बनाने वाले संयुक्त तीसरे सबसे तेज खिलाड़ी बन गए। मेंडिस ने 13 पारियों में यह उपलब्धि हासिल कर ली। इसके साथ ही मेंडिस ने महान बल्लेबाज डॉन ब्रैडमैन की बराबरी कर ली।
उनके लगातार अच्छे प्रदर्शन की बदौलत श्रीलंका दिसंबर तक विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाने की दौड़ में बना हुआ था। अब वह 29 जनवरी से शुरू होने वाली आगामी दो टेस्ट मैचों की सीरीज में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलते हुए नजर आएंगे। हालांकि विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में दो टीमें पहुंच चुकी है। फाइनल में ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका का सामना होगा।