

पर्थ: इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया (England vs Australia T20 Match) के बीच टी20 मैच खेला गया। इस मैच के दौरान ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ी मैथ्यू वेड (Matthew Wade) ने कुछ ऐसा किया, जिसे देख सब लोग हैरान रह गए। मैच के दौरान मार्क वुड (Mark Wood) कैच लपकने वाले थे, लेकिन उन्हें मैथ्यू वेड ने धक्का दे दिया। मैच के बाद इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर से पूछा गया कि उन्होंने मैथ्यू वेड के खिलाफ अपील क्यों नहीं की। जिस पर इंग्लैंड के कप्तान ने काफी अजीब जवाब दिया।
इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को 209 रनों का लक्ष्य दिया था। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के पारी के 17वें ओवर में मैथ्यू वेड ने ऐसी हरकत की, जिसकी हर कोई आलोचना कर रहा है। वेड पर पहले टी20 में मैदान पर बाधा डालने (ऑब्सट्रक्टिंग द फील्ड) का आरोप लगा था।
मैच खत्म होने के बाद इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने कहा है कि, 'उन्हें नहीं पता कि वेड और वुड के बीच क्या हुआ था। कप्तान ने आगे कहा कि वह अपील नहीं कर सकते थे, क्योंकि उन्होंने अभी ऑस्ट्रेलियाई दौरा शुरू ही किया है। अपील करने का मतलब था कि स्थानीय प्रेस और प्रशंसकों की ओर से भी प्रतिक्रिया होती।
उन्होंने कहा- 'मैं पूरे समय गेंद को देख रहा था, इसलिए मुझे यकीन नहीं था कि क्या हुआ। उन्होंने (अंपायर्स) पूछा कि क्या मैं अपील करना चाहता हूं, लेकिन मुझे लगा कि हम यहां लंबे समय के लिए ऑस्ट्रेलिया में हैं। इसलिए इतना जल्दी किसी बात पर बहस होना जोखिम भरा होगा।' वहीं, बटलर ने आगे कहा कि अगर विश्व कप के दौरान इसी तरह की घटना हुई, तो वह इसके खिलाफ आवाज उठाएंगे।
मैच की बात करें, एलेक्स हेल्स और जोस बटलर की अर्धशतकों की मदद से इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को पहले टी20 मैच में हराया। टॉस हारने के बाद इंग्लैंड ने एलेक्स हेल्स (84 रन, 51 गेंद) और जोस बटलर (68 रन, 32 गेंद) के बीच पहले विकेट की 132 रन की साझेदारी की बदौलत छह विकेट पर 208 रन बनाए।