

England Pacer John Turner Retires At 25: इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जॉन टर्नर ने सिर्फ 25 साल की उम्र में प्रोफेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला कर लिया है। उनके इस फैसले ने क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया है। लगातार चोटों से परेशान रहने के कारण उन्होंने क्रिकेट को अलविदा कहने का फैसला लिया।
जॉन टर्नर ने साल 2024 में इंग्लैंड के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। उन्होंने इंग्लैंड की ओर से 2 वनडे और 2 T20 मैच खेले, जिनमें उनके नाम 3 विकेट दर्ज हैं। ये मुकाबले इंग्लैंड के वेस्टइंडीज दौरे के दौरान खेले गए थे।
टर्नर पिछले साल जून से पीठ की गंभीर चोट के कारण मैदान से बाहर थे। उन्हें स्ट्रेस फ्रैक्चर की समस्या थी और इसी वजह से वो एक साल से ज्यादा समय तक कोई भी मैच नहीं खेल पाए। आखिरकार उन्होंने क्रिकेट छोड़ने का फैसला कर लिया।
जॉन टर्नर का जन्म दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में हुआ था। वो हैम्पशायर के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते थे। उनके कॉन्ट्रैक्ट में अभी दो साल बाकी थे, लेकिन चोटों ने उनका करियर आगे बढ़ने नहीं दिया।
घरेलू क्रिकेट में भी उनका प्रदर्शन अच्छा रहा, लेकिन बार-बार चोटिल होने के कारण वो हैम्पशायर की काउंटी चैंपियनशिप टीम में अपनी जगह पक्की नहीं कर सके। उन्होंने हैम्पशायर के लिए सिर्फ 7 फर्स्ट क्लास मैच खेले।
साल 2025 की शुरुआत में वो लोन पर लैंकाशायर टीम से जुड़े और 3 मुकाबले खेले। लेकिन एक बार फिर चोट लगने के कारण उन्हें टीम से बाहर होना पड़ा।
अपने संन्यास की घोषणा करते हुए टर्नर ने कहा कि पेशेवर और इंटरनेशनल क्रिकेट खेलना उनका बचपन का सपना था। हैम्पशायर और इंग्लैंड के लिए खेलना उनके लिए गर्व की बात रही। उन्होंने कहा कि क्रिकेट छोड़ने का फैसला उनकी जिंदगी के सबसे कठिन फैसलों में से एक है।
उन्होंने बताया कि पीठ की चोट और लगातार फिटनेस समस्याओं ने उन्हें अपने भविष्य के बारे में सोचने पर मजबूर किया। काफी विचार करने के बाद उन्हें लगा कि अब जिंदगी में नई चुनौतियों की ओर बढ़ने का यही सही समय है।
जॉन टर्नर ने हैम्पशायर क्लब का भी धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि इस क्लब के साथ बिताए पिछले पांच साल उनकी जिंदगी के सबसे यादगार पल रहे हैं। क्लब से जुड़ने के पहले दिन से उन्हें जो प्यार और सहयोग मिला, वह हमेशा उनके साथ रहेगा।