

एडिलेड: भारत के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ (Rahul Dravid) ने मंगलवार को कहा कि पर्थ में विराट कोहली (Virat Kohli) की निजता का हनन निराशाजनक है क्योंकि यह वह जगह है जहां भारतीय क्रिकेटर (Indian Crickter) लोगों की नजरों से दूर रहते हैं। पर्थ के क्राउन होटल के हाउसकीपिंग स्टाफ के एक सदस्य ने कोहली के कमरे की फिल्म बनाई और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। कोहली ने इस पर नाराजगी जताई थी।
द्रविड़ (Rahul Dravid) ने बांग्लादेश के खिलाफ होने वाले टी20 विश्वकप मैच की पूर्व संध्या पर कहा,‘‘ निश्चित तौर पर यह निराशाजनक है। विराट ही नहीं कोई भी ऐसी हरकत को सहजता से नहीं लेता। यह निराशाजनक है।'' मुख्य कोच ने कहा होटल के कमरे को सार्वजनिक करने का विचार ही डरावना है।
उन्होंने कहा,‘‘ हमने संबंधित अधिकारियों के सामने यह मसला उठाया। उन्होंने कार्रवाई की है। उम्मीद है कि अब लोग अधिक सतर्क रहेंगे क्योंकि यह एक ऐसा स्थान है जहां आपको लगता है कि आप लोगों की नजरों से दूर हैं।'' द्रविड़ ने कहा, ‘‘यह एक ऐसा स्थान है जहां आप सुरक्षित महसूस करते हैं। अगर यह सुरक्षा भी नहीं रहती तो यह वास्तव में अच्छी बात नहीं है।' '
द्रविड़ को खुशी है कि कोहली ने इस घटना को अच्छी तरह से संभाला। उन्होंने कहा,‘‘ मुझे लगता है कि उन्होंने वास्तव में इसे अच्छी तरह से संभाला। वह सहज हैं और यहां अभ्यास के लिए आए हैं।'' (एजेंसी)