KKR में शामिल हुए सौरब दुबे, विदर्भ के ये 6 खिलाड़ी IPL में दिखाएंगे अपना दम, जानें कौन किस टीम में हुआ शामिल

Saurabh Dubey KKR IPL: आईपीएल 2026 में विदर्भ का जलवा! KKR में शामिल हुए तेज गेंदबाज सौरभ दुबे। वर्धा के लाल से लेकर यश ठाकुर तक, विदर्भ के 6 खिलाड़ी विभिन्न टीमों से मचाएंगे धमाल।
Vidarbha’s Saurabh Dubey joins KKR for IPL 2026 as a replacement for Akash Deep. 6 players from Vidarbha to feature in the 19th IPL season.
केकेआर में शामिल सौरब दुबे (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Updated on

Vidarbha Players in IPL: गेंद को दोनों दिशाओं में स्विंग कराने की क्षमता और दबाव में सटीक यॉर्कर डालने की कला रखने वाले विदर्भ के तेज गेंदबाज सौरभ दुबे कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए इस आईपीएल में बड़ा ‘ट्रंप कार्ड’ साबित हो सकते हैं। कोलकाता के ईडन गार्डन जैसे पिच पर उनकी स्विंग गेंदबाजी खासतौर पर प्रभावी मानी जा रही है। इसी कारण फ्रेंचाइजी ने चोटिल तेज गेंदबाज आकाशदीप की जगह उन्हें अपने स्क्वाड में शामिल किया है।

28 मार्च से शुरू हो रहे आईपीएल के 19वें सत्र में इस बार विदर्भ के कुल 6 खिलाड़ी विभिन्न टीमों से खेलते नजर आएंगे जिससे क्षेत्रीय क्रिकेट को नई पहचान मिल रही है। खिलाड़ियों के लगातार चोटिल होने के कारण कई टीमों को अंतिम समय में बदलाव करने पड़े हैं लेकिन यह नए खिलाड़ियों के लिए बड़ा मौका भी बन गया है। सौरभ दुबे पहली बार आईपीएल खेलेंगे।

28 वर्षीय बाएं हाथ के तेज गेंदबाज सौरभ विदर्भ के लिए घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करते रहे हैं। वे पहले सनराइजर्स हैदराबाद से जुड़े थे लेकिन चोट के कारण आईपीएल में पदार्पण नहीं कर सके। वर्धा निवासी सौरभ एक पुजारी परिवार से आते हैं।

उनके पिता राजेंद्र प्रसाद पुजारी हैं। विदर्भ क्रिकेट संघ (वीसीए) की रेजिडेंशियल अकादमी में 2 वर्षों तक प्रशिक्षण लेकर उन्होंने खुद को निखारा और भारत की अंडर-23 वनडे टीम तक पहुंचे। केकेआर टीम में उनके चयन के बाद परिवार व वर्धा सहित विदर्भ में खुशी का माहौल है।

घर से चुपके से निकलकर खेलते थे टूर्नामेंट

टेनिस बॉल क्रिकेट से शुरुआत करने वाले सौरभ रात में घर से चुपके निकलकर टूर्नामेंट खेलते थे। शरद भोंगे क्रिकेट अकादमी से गजदर लीग में उनके प्रदर्शन ने उन्हें पहचान दिलाई। सीके नायडू ट्रॉफी में उन्होंने शानदार गेंदबाजी की और राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) के तैयारी शिविर का भी हिस्सा रहे। उनके करियर का अहम मोड़ 2019 में आया जब एसीसी इमर्जिंग टीम्स एशिया कप के लिए बांग्लादेश दौरे के दौरान महान क्रिकेटर राहुल द्रविड़ ने उनकी प्रतिभा को सराहा। स्विंग के साथ अतिरिक्त उछाल हासिल करने की उनकी क्षमता उन्हें सीमित ओवरों के क्रिकेट में खतरनाक बनाती है।

ये खिलाड़ी भी विभिन्न टीमों में

  • हर्ष दुबे- ऑलराउंडर (हैदराबाद)
  • शुभम दुबे- पावर हिटर (राजस्थान)
  • यश ठाकुर- तेज गेंदबाज (पंजाब)
  • प्रफुल्ल हिंगे- (हैदराबाद)
  • दानिश मालेवार- (मुंबई)

मुझे लंबे समय से इंतजार था : सौरभ

चयन के बाद सौरभ दुबे ने खुद को भाग्यशाली बताया। उन्होंने कहा कि मैं आईपीएल का पहला सीजन खेलने जा रहा हूं जिसका मुझे लंबे समय से इंतजार था। केकेआर मैनेजमेंट, कोच और सपोर्ट स्टॉफ ने जो अवसर दिया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करूंगा। टीम से जुड़कर मुझे बहुत खुशी हो रही है, सभी एक परिवार की तरह व्यवहार कर रहे हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com