

स्पोर्ट्स डेस्क: लखनऊ सुपर जायंट्स ने आईपीएल 2025 के शुरुआत में काफी परेशानियों का सामना किया है। टीम के कई खिलाड़ी चोटिल थे, जिसका असर टीम के प्रदर्शन पर भी पड़ा। हालांकि, अब लखनऊ के लिए खुशखबरी आई है। टीम के धाकड़ खिलाड़ी की वापसी हो गई है।
ऋषभ पंत की कप्तानी वाली लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। जिस खिलाड़ी का टीम को लंबे समय से इंतजार था, अब वह खेलने के लिए तैयार नजर आ रहा है। ये खिलाड़ी और कोई नहीं मयंक यादव हैं। हालांकि, अभी यह कहना मुश्किल है कि वह खिलाड़ी मैदान में कब उतरेगा, लेकिन टीम से जुड़ने का वीडियो जरूर सामने आया है।
दरअसल, लखनऊ सुपर जायंट्स ने आईपीएल 2025 से पहले अपने 5 खिलाड़ियों को रिटेन किया था। इसमें निकोलस पूरन, रवि बिश्नोई, मयंक यादव, आयुष बदोनी और मोहसिन खान का नाम शामिल था। लेकिन टीम को बड़ा झटका तब लगा जब सीजन की शुरुआत से पहले मयंक यादव और मोहसिन खान फिट नहीं हो पाए।
जिसके कुछ दिनों बाद ये खबर सामने आई कि मोहसिन खान आईपीएल के पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। हालांकि, मयंक यादव कुछ मैचों के बाद वापसी कर सकते हैं। मयंक को लेकर पहले ये खबर थी कि वह आईपीएल के आधे सीजन से वापसी करेंगे, लेकिन अब वह टीम में शामिल हो गए हैं।
अब जब लखनऊ की टीम सात मैच खेल चुकी है, तो मयंक यादव वापसी करते दिख रहे हैं। टीम की ओर से एक वीडियो शेयर किया गया है, जिसमें मयंक यादव काफी अकड़ के साथ कार से उतर रहे हैं और अपनी टीम में शामिल हो रहे हैं।
जानकारी के लिए बता दें कि मयंक यादव अपनी गति और तेजी के लिए जाने जाते हैं। पिछले साल के आईपीएल में मयंक यादव ने कुछ ऐसा ही कारनामा किया था। जो भी उन्हें देखा वो दंग रह गया। इसी वजह से लखनऊ सुपर जायंट्स ने मयंक यादव को 11 करोड़ की मोटी रकम में रिटेन किया। खेल जगत से जुड़ी अन्य सभी ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
गौरतलब है कि लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम ने अब तक सात में से चार मैच जीते हैं, जबकि तीन में उसे हार का सामना करना पड़ा है। टीम फिलहाल पॉइंट टेबल में पांचवें नंबर पर है। आईपीएल में लखनऊ का अगला मैच 19 अप्रैल को है। इस दिन शाम को होने वाले मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स का मुकाबला राजस्थान रॉयल्स से होगा।