

IPL 2025, Venkatesh Iyer: आईपीएल 2025 में आज 3 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मुकाबला खेला जा रहा है। यह मैच ईडन गार्डन्स में हो रहा है, जहां वेंकटेश अय्यर ने धमाकेदार पारी खेली है। उन्होंने इस मुकाबले में हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस की जमकर धुलाई की है।
कोलकाता के स्टार ऑलराउंडर वेंकटेश अय्यर पिछले मैचों में पूरी तरह फ्लॉप नजर आ रहे थे, जिसके बाद हर कोई उनके फॉर्म पर सवाल उठा रहा था। लेकिन, हैदराबाद के खिलाफ उन्होंने तूफानी पारी खेलकर आलोचकों के मुंह पर ताला लगा दिया है। उन्होंने एसआरएच के कप्तान कमिंस के ओवर में ही छक्के-चौकों की बरसात करते हुए 25 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया।
इस मैच में वेंकटेश ने बताया कि आखिर उन्हें क्यों कोलकाता ने 23.75 करोड़ रुपये में खरीदा है। उनकी ये लाजवाब पारी देखकर हर कोई उनका कायल हो गया। उन्होंने 29 गेंदों में 60 रन बनाए। अपनी पारी में अय्यर ने 7 चौके और 3 छक्के जड़े हैं।
जानकारी के लिए बता दें कि टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता की टीम की शुरुआत काफी खराब रही। इस मैच में केकेआर ने शुरुआत में ही अपने दो विकेट गंवा दिए। लेकिन बाद में कप्तान अजिंक्या रहाणे और अंगकृष रघुवंशी ने टीम की पारी संभाली। रहाणे ने 38 रन बनाए, जबकि रघुवंशी ने 50 रन बनाए। अय्यर ने 60 तो रिंकू सिंह ने 32 रन की पारी खेलते हुए केकेआर का स्कोर 200 पहुंचाया। अब एसआरएच को जीत के लिए 201 रन बनाने होंगे।
गौरतलब है कि आईपीएल 2025 में कोलकाता और हैदराबाद दोनों ही टीमों का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है। अब तक खेले गए अपने तीन मुकाबलों में कोलकाता ने केवल एक ही मैच जीते हैं, जबकि हैराबाद ने भी तीन मैचों में केवल 1 मैच जीते हैं। ऐसे में यह मैच दोनों ही टीमों के लिए काफी अहम है।