IPL 2025: शिखर धवन ने बदल दी इस खिलाड़ी की जिंदगी, पहले मैच में ही बना मैन ऑफ द मैच

आईपीएल 2025 में दिल्ली कैपिटल्स को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ शानदार जीत दिलाने वाले आशुतोष शर्मा ने भारत के पूर्व खिलाड़ी शिखर धवन का शुक्रिया अदा किया है।
शिखर धवन ने बदल दी इस खिलाड़ी की जिंदगी
शिखर धवन (फोटो-सोशल मीडिया)
Updated on

स्पोर्ट्स डेस्क: आईपीएल 2025 में दिल्ली कैपिटल्स को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ शानदार जीत दिलाने वाले आशुतोष शर्मा ने भारत के पूर्व खिलाड़ी शिखर धवन का शुक्रिया अदा किया है। आशुतोष शर्मा ने कहा कि वह अपनी पुरानी फ्रेंचाइजी पंजाब किंग्स के कप्तान शिखर धवन से मिली सीख के लिए हमेशा आभारी रहेंगे।

दिल्ली कैपिटल्स के आक्रामक बल्लेबाज और घरेलू क्रिकेट में रेलवे का प्रतिनिधित्व करने वाले 26 साल के आशुतोष ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की सबसे यादगार पारियों में से एक खेलते हुए 31 गेंद पर नाबाद 66 रन बनाकर टीम को आखिरी ओवर में एक विकेट की रोमांचक जीत दिलायी। जीत के लिए 210 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की टीम ने 65 रन पर पांच विकेट गंवा दिये थे। आशुतोष ने पांच चौके और पांच छक्के की मदद से नाबाद पारी खेल दिल्ली कैपिटल्स को लक्ष्य तक पहुंचाया।

आशुतोष को मिला मैन ऑफ द मैच

इस जीत के बाद आशुतोष ने अपना ‘प्लेयर ऑफ द मैच' पुरस्कार धवन को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि वो धवन से आईपीएल के दौरान ही मिले थे। जब वो पंजाब किंग्स का हिस्सा थे, तब हमारी मुलाकात हुई थी। धवन के रूप में उन्हें साथी के साथ एक ऐसा मार्गदर्शक भी मिला, जिसने खेल के प्रति उनके दृष्टिकोण पर बहुत बड़ा प्रभाव डाला।

धवन ने बदल दी जिंदगी

आशुतोष ने शुक्रवार को ‘जियो स्टार- दिल्ली कैपिटल्स प्रेस रूम' में कहा कि वह (धवन) मेरी पारी से बहुत खुश थे। वह हमेशा मुझे विनम्र रहने के लिए कहते हैं। उन्होंने मुझे कौशल के बारे में बहुत कुछ नहीं सिखाया है, लेकिन जीवन, मानसिकता और खेल के प्रति दृष्टिकोण पर उनके सबक ने मेरे जीवन को बहुत बदल दिया है। पंजाब किंग्स की टीम का हिस्सा रहते हुए धवन ने उनका मार्गदर्शन किया था। इस युवा खिलाड़ी ने कहा कि वह एक तरह से गुरु हैं। पंजाब में हमारे पहले शिविर से ही वह मेरे गुरु रहे हैं। उनके साथ यहीं से मेरी यात्रा शुरू हुई। खेल जगत से जुड़ी खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

मानसिक तौर पर मजबूत होने में मिली मदद

आशुतोष ने कहा कि धवन से प्रेरित होकर मैंने खेल कौशल से ज्यादा मानसिक मजबूती पर काम करना शुरू किया। धवन ने मुझ से कहा था कि कौशल के मामले में सब अलग-अलग होते है ऐसे में मुझे अपनी मानसिकता पर काम करने की जरूरत है। इन बातों ने मेरी बहुत मदद की है। मैं अपने विचारों में बहुत स्पष्ट हूं। मैं हमेशा अपने काम पर ध्यान केंद्रित करता हूं। मेरे लिए प्रक्रिया महत्वपूर्ण है। यदि आप प्रक्रिया का अच्छी तरह से पालन करते हैं, तो परिणाम आएंगे। मैं इसी पर विश्वास करता हूं।

Navbharat Live
navbharatlive.com