

बेसिन रिजर्व में भारत ने खेले हैं कुल 8 टेस्ट मैच, जीते सिर्फ एक
न्यूजीलैंड ने इस बेसिन रिजर्व मैदान पर जीते हैं कुल 24 मुकाबले
2014 में इशांत ने 6 और जहीर ने लिए थे 5 विकेट, कसा था कीवी टीम पर शिकंजा
वेलिंगटन के इसी मैदान पर 2014 में रहाणे और कोहली ने जड़े थे यादगार टेस्ट शतक
मैकुलम के तिहरे शतक से न्यूजीलैंड ने बनाए 680 रन, भारत को जीत के लिए दिया था 435 रनों लक्ष्य
Basin Reserve Wellington Test Records: भारत और न्यूजीलैंड के बीच 19 नवंबर से वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व मैदान पर पहला टेस्ट मैच खेला जाना है। इस मुकाबले से पहले पिच, मौसम और जीत की भविष्यवाणी को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। अगर इस मैदान पर दोनों टीमों के अब तक के रिकॉर्ड पर नजर डालें, तो भारतीय टीम ने यहां कुल 8 टेस्ट मैच खेले हैं। इनमें से भारत को 5 मैचों में हार झेलनी पड़ी है, जबकि सिर्फ एक मैच में जीत मिली है और 2 मुकाबले ड्रॉ रहे हैं। दूसरी तरफ, न्यूजीलैंड के लिए यह उसका पसंदीदा मैदान रहा है। कीवी टीम ने यहां खेले गए कुल 70 टेस्ट मैचों में से 24 में जीत दर्ज की है, 22 में हार मिली है और 24 मैच ड्रॉ पर छूटे हैं।
भले ही वेलिंगटन में भारत के ओवरऑल आंकड़े कमजोर दिखते हों, लेकिन साल 2014 में टीम इंडिया ने यहां ऐसा दमदार खेल दिखाया था, जिसे दोहराकर इस बार आसानी से जीत हासिल की जा सकती है। 14 से 18 फरवरी 2014 के बीच महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में खेले गए उस दूसरे टेस्ट मैच में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार शुरुआत की थी।
इशांत शर्मा और मोहम्मद शमी की घातक गेंदबाजी के सामने न्यूजीलैंड की पहली पारी महज 52.5 ओवर में 192 रनों पर सिमट गई थी। इस पारी में इशांत शर्मा ने 6 विकेट और मोहम्मद शमी ने 4 विकेट चटकाए थे।
कीवी टीम को सस्ते में समेटने के बाद भारतीय बल्लेबाजों ने पहली पारी में बेहतरीन प्रदर्शन किया। सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने शानदार 98 रनों की पारी खेली, हालांकि वे अपने शतक से महज 2 रन से चूक गए।
इसके बाद अजिंक्य रहाणे ने जिम्मेदारी संभालते हुए 118 रनों का यादगार शतक ठोका, जबकि कप्तान एमएस धोनी ने भी अहम अर्धशतकीय पारी खेली। अन्य बल्लेबाजों के उपयोगी योगदान से भारत ने पहली पारी में 438 रन बनाए और न्यूजीलैंड पर 246 रनों की विशाल बढ़त हासिल कर ली।
पहली पारी में पिछड़ने के बाद न्यूजीलैंड टीम ने दूसरी पारी में जबरदस्त वापसी की और 210 ओवर तक बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 680 रन बनाकर पारी घोषित की, जो इस मैदान का सर्वोच्च स्कोर है। कीवी कप्तान ब्रैंडन मैकुलम ने 302 रनों की ऐतिहासिक तिहरी शतकीय पारी खेली। उनके अलावा विकेटकीपर बल्लेबाज वाटलिंग ने 124 और जेम्स नीशम ने 137 रनों का योगदान दिया।
भारत की ओर से दूसरी पारी में अनुभवी तेज गेंदबाज जहीर खान ने अपना जादू बिखेरते हुए 5 विकेट झटके, जबकि मोहम्मद शमी को 2 और रवींद्र जडेजा को एक सफलता मिली।
न्यूजीलैंड की पारी घोषित होने के बाद भारत को जीत के लिए 435 रनों का कठिन लक्ष्य मिला। दूसरी पारी में भारतीय टीम ने संभलकर खेलते हुए मैच खत्म होने तक 3 विकेट के नुकसान पर 166 रन बनाए और मुकाबला ड्रॉ करा लिया। खेल समाप्त होने के समय विराट कोहली 105 रन और रोहित शर्मा 31 रन बनाकर नाबाद लौटे थे।
इस ऐतिहासिक टेस्ट मैच की एक और दिलचस्प बात यह रही थी कि न्यूजीलैंड की लंबी दूसरी पारी के दौरान मुख्य गेंदबाजों को आराम देने के लिए विराट कोहली, रोहित शर्मा और शिखर धवन के साथ महेन्द्र सिंह धोनी ने भी गेंदबाजी में हाथ आजमाया था।