

Scotland Netherlands Criticize ICC Format: 2027 वनडे वर्ल्ड कप शुरू होने में अभी 18 महीने से भी कम समय बचा है, लेकिन टूर्नामेंट के नए फॉर्मेट को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने हाल ही में वर्ल्ड कप के क्वालिफिकेशन फॉर्मेट में बदलाव करते हुए 'सुपर सीरीज' स्टेज को शामिल किया है। इस फैसले से स्कॉटलैंड और नीदरलैंड्स क्रिकेट बोर्ड काफी नाराज हैं।
स्कॉटलैंड और नीदरलैंड्स का मानना है कि क्वालिफिकेशन प्रक्रिया के बीच में इस तरह बदलाव करना एसोसिएट देशों के लिए बड़ा झटका है। दोनों बोर्ड ने एक संयुक्त बयान जारी कर ICC के फैसले को निराशाजनक बताया है। उनका कहना है कि टीमों ने मौजूदा क्वालिफिकेशन प्रक्रिया के लिए कई साल मेहनत की है और बीच में नियम बदलने से उनकी मेहनत पर असर पड़ सकता है।
दोनों बोर्ड के मुताबिक, नए फॉर्मेट की जानकारी सामने आने के बाद एसोसिएट सदस्यों ने ICC के साथ दो बैठकें कीं। इन बैठकों में बोर्ड्स ने लिखित जानकारी और फैसले को लेकर ज्यादा पारदर्शिता की मांग की थी। हालांकि, दूसरी बैठक को दो हफ्ते से ज्यादा समय बीत जाने के बावजूद उन्हें ICC की ओर से कोई जवाब नहीं मिला है।
नए फॉर्मेट के तहत क्वालिफायर में 12वीं, 13वीं और 14वीं पोजीशन पर रहने वाली तीन टीमों को एक ट्राई-सीरीज खेलनी होगी। इस सीरीज की सिर्फ टॉप टीम को 2027 वर्ल्ड कप के मुख्य चरण में जगह मिलेगी। वहीं बाकी दो टीमों का वर्ल्ड कप का सफर वहीं खत्म हो जाएगा। मुख्य टूर्नामेंट में 12 टीमों को दो ग्रुप में बांटा जाएगा।
संयुक्त बयान में कहा गया कि क्वालिफिकेशन साइकिल के बीच में नियम और फॉर्मेट बदलना टीमों की वर्षों की मेहनत को प्रभावित करता है। बोर्ड्स का मानना है कि इस फैसले से एसोसिएट क्रिकेट को आगे बढ़ने के मौके कम हो सकते हैं, जबकि वर्ल्ड कप शुरू होने में ज्यादा समय भी नहीं बचा है।
इससे पहले नामीबिया, नीदरलैंड्स और स्कॉटलैंड के कप्तानों ने भी वर्ल्ड क्रिकेटर्स एसोसिएशन (WCA) के जरिए इस बदलाव पर नाराजगी जाहिर की थी। फिलहाल वर्ल्ड कप लीग-2 के तहत अमेरिका, स्कॉटलैंड, नीदरलैंड्स और ओमान ने क्वालिफायर के लिए अपनी जगह पक्की कर ली है। वहीं नामीबिया, कनाडा, नेपाल और यूएई क्वालिफायर प्ले-ऑफ में खेलेंगे।
अब ICC के इस फैसले को लेकर एसोसिएट टीमों की नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है। 2027 वर्ल्ड कप से पहले फॉर्मेट में बदलाव का ये विवाद आने वाले दिनों में और बड़ा रूप ले सकता है।