लाहौर में PCB-BCB और ICC की 'सीक्रेट मीटिंग', भारत-पाक मैच के विवाद को सुलझाने की कोशिश तेज

T20 World Cup 2026: भारत-पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप मैच पर बने विवाद के बीच PCB, BCB और ICC की लाहौर बैठक के बाद संकेत कि 15 फरवरी को कोलंबो मुकाबला हो सकता है।
PCB, BCB and ICC Meeting in Lahore
लाहौर में पीसीबी, बीसीबी और आईसीसी की हुई अहम बैठक (सोर्स- सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

PCB, BCB and ICC Meeting in Lahore: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने रविवार को लाहौर में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम और अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के उपाध्यक्ष इमरान ख्वाजा के साथ अहम बैठक की। यह बैठक गद्दाफी स्टेडियम में हुई, जिसकी तस्वीरें PCB ने सार्वजनिक की हैं।

यह मुलाकात ऐसे समय पर हुई है, जब 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले हाई-वोल्टेज टी20 वर्ल्ड कप मुकाबले को लेकर पैदा हुआ विवाद सुलझाने की कोशिशें तेज हो गई हैं। दरअसल, पाकिस्तान ने कोलंबो में प्रस्तावित भारत-पाकिस्तान मैच का बहिष्कार करने की धमकी दी थी। PCB का कहना था कि वह बांग्लादेश के साथ एकजुटता दिखा रहा है, क्योंकि ICC ने सुरक्षा कारणों के बावजूद बांग्लादेश के भारत के खिलाफ मैच को किसी अन्य स्थान पर शिफ्ट करने से इनकार कर दिया था।

लाहौर में हुई अहम बैठक 

इस पूरे विवाद के बीच ICC ने बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल कर लिया, जिससे मामला और उलझ गया। इमरान ख्वाजा, जो ICC में सिंगापुर का प्रतिनिधित्व करते हैं और एक प्रभावशाली पद पर हैं, इसी मुद्दे को सुलझाने के लिए रविवार को लाहौर पहुंचे थे। एसोसिएट सदस्य निदेशक होने के नाते ICC बोर्ड में उनके पास वोटिंग अधिकार भी हैं। सूत्रों के मुताबिक, ICC ने PCB से यह स्पष्ट करने को कहा है कि वह भारत के खिलाफ मैच से हटने के लिए ‘फोर्स मेज्योर’ क्लॉज का सहारा कैसे ले सकता है। इसके बाद पाकिस्तान का रुख कुछ नरम पड़ा है। सूत्रों के मुताबिक श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड की ओर से PCB को भेजे गए ईमेल के बाद हालात बदलने लगे, जिसमें बॉयकॉट खत्म करने की अपील की गई थी।

श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने PCB से क्या कहा?

श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड का कहना है कि अगर भारत-पाकिस्तान मैच नहीं होता है, तो इससे सभी स्टेकहोल्डर्स और ब्रॉडकास्टर्स को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। इसी बीच राहत की खबर यह है कि PCB ने बातचीत के लिए ICC से संपर्क किया है।

बैठक के बाद मिले संकेतों से लगता है कि पाकिस्तान का रुख अब पहले से कहीं ज़्यादा लचीला हो गया है। चर्चा को सकारात्मक बताया जा रहा है और खेल के व्यापक हित को देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि 15 फरवरी को कोलंबो में भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com