

Justin And Hayley Wins ICC Award For July Month: वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर जस्टिन ग्रीव्स और स्टार महिला क्रिकेटर हेली मैथ्यूज को जुलाई 2026 के लिए ICC प्लेयर ऑफ द मंथ चुना गया है। ग्रीव्स को टेस्ट क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के लिए, जबकि मैथ्यूज को वनडे में बेहतरीन खेल के लिए ये पुरस्कार मिला। इसके साथ ही वेस्टइंडीज ने पहली बार एक ही महीने में पुरुष और महिला दोनों वर्गों में ये अवॉर्ड जीतकर खास उपलब्धि हासिल की है।
जनवरी 2021 में ICC प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड की शुरुआत के बाद ये केवल 5वीं बार है, जब एक ही देश के पुरुष और महिला खिलाड़ियों ने एक महीने में दोनों पुरस्कार जीते हैं। इससे पहले जसप्रीत बुमराह और स्मृति मंधाना (जून 2024), डुनिथ वेलालेज और हर्षिता समरविक्रमा (अगस्त 2024), अभिषेक शर्मा और स्मृति मंधाना (सितंबर 2025) तथा सेनुरन मुथुसामी और लौरा वोल्वार्ड्ट (अक्टूबर 2025) ये उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।
जस्टिन ग्रीव्स ने जुलाई में श्रीलंका और पाकिस्तान के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक और बांग्लादेश के ओपनर तंजीद हसन को पीछे छोड़कर ये पुरस्कार जीता।
नॉर्थ साउंड में श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में ग्रीव्स ने वेस्टइंडीज को मैच बचाने में अहम भूमिका निभाई। श्रीलंका ने 9 विकेट पर 549 रन बनाकर पारी घोषित की थी, जिसके जवाब में ग्रीव्स ने शानदार 180 रन बनाए। उनकी पारी की मदद से वेस्टइंडीज ने दो मैचों की ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप सीरीज में 1-0 से जीत हासिल की।
इसके बाद त्रिनिदाद में पाकिस्तान के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में भी जस्टिन ग्रीव्स ने गेंद से शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 27 रन देकर 5 विकेट और फिर 12 रन देकर 2 विकेट लिए। वेस्टइंडीज ने ये मुकाबला 90 रन से जीता।
वहीं, हेली मैथ्यूज ने इंग्लैंड की कप्तान नैट साइवर-ब्रंट और श्रीलंका की बल्लेबाज हर्षिता समरविक्रमा को पीछे छोड़कर महिला वर्ग का पुरस्कार जीता। ये मैथ्यूज का रिकॉर्ड 5वां ICC प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड है। इससे पहले वो नवंबर 2021, अक्टूबर 2023, अप्रैल 2024 और जून 2025 में ये पुरस्कार जीत चुकी हैं।
आयरलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में मैथ्यूज ने शुरुआती दो मैचों में 159 और 100 रन की शानदार पारियां खेलीं। पूरी सीरीज में उन्होंने 265 रन बनाने के साथ 7 विकेट भी लिए। उनके ऑलराउंड प्रदर्शन ने वेस्टइंडीज की जीत में अहम भूमिका निभाई।
पुरस्कार जीतने के बाद मैथ्यूज ने कहा कि एक बार फिर ICC प्लेयर ऑफ द मंथ बनना उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये पुरस्कार उन्हें अपने प्रदर्शन के स्तर को और बेहतर करने और वेस्टइंडीज के लिए लगातार योगदान देने की प्रेरणा देगा।
मैथ्यूज ने महिला क्रिकेट में बढ़ती दिलचस्पी पर भी खुशी जताई। उन्होंने कहा कि महिला क्रिकेट के लिए यह रोमांचक समय है और उन्हें अपने प्रदर्शन के जरिए इस खेल के विकास में योगदान देने पर गर्व है। उन्होंने महिला क्रिकेट को लगातार समर्थन देने के लिए ICC का धन्यवाद भी किया।