इंटरनेशनल क्रिकेट में महिलाओं को मिलेगा बराबरी का हक, ICC ने किया ये बड़ा ऐलान

आईसीसी ने एक बड़ा ऐलान करते हुए क्रिकेट जगत में महिलाओं को बराबरी का हक दिए जाने की बात कही है। जिसकी शुरुआत अगले महीने संयुक्त अरब अमीरात में होने वाले महिला टी20 विश्व कप से होगी।
आईसीसी ने घोषणा की कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए पुरुष और महिला टीम को समान पुरस्कार राशि मिलेगी
भारतीय महिला क्रिकेट टीम (सौजन्यः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

दुबई: आधुनिक दौर में महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से कमतर नहीं हैं। ऐसे में महिलाओं के एक समान काम करने पर पुरुषों से कम सम्मान मिलने को उचित नहीं ठहराया जा सकता है। यही वजह है आईसीसी ने एक बड़ा ऐलान करते हुए क्रिकेट जगत में महिलाओं को बराबरी का हक दिए जाने की बात कही है। जिसकी शुरुआत अगले महीने संयुक्त अरब अमीरात में होने वाले महिला टी20 विश्व कप से होगी।

आईसीसी के बयान के अनुसार महिला टी20 विश्व कप में विजेता बनने वाली टीम को अब 23 लाख 40 हजार अमेरिकी डालर मिलेंगे। ऑस्ट्रेलिया को पिछले साल दक्षिण अफ्रीका में खेले गए महिला टी20 विश्व कप जीतने पर 10 लाख अमेरिकी डॉलर की पुरस्कार राशि मिली थी। इस तरह से इसमें 134 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

भारतीय पुरुष टीम को इस साल अमेरिका और वेस्टइंडीज में खेले गए टी20 विश्व कप का विजेता बनने पर 23 लाख 40 हजार अमेरिकी डॉलर की पुरस्कार राशि मिली थी। आईसीसी ने कहा, ‘‘आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2024 पहला आईसीसी टूर्नामेंट होगा जिसमें महिलाओं को पुरुषों के समान पुरस्कार राशि मिलेगी जो इस खेल के इतिहास में महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी।''

बयान के अनुसार, ‘‘यह फैसला जुलाई 2023 में आईसीसी वार्षिक सम्मेलन में लिया गया जब आईसीसी बोर्ड ने अपने 2030 के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम से सात साल पहले पुरस्कार राशि समान करने का निर्णय किया। इस तरह से क्रिकेट पहला प्रमुख खेल बन गया है जिसमें विश्व कप में पुरुषों और महिलाओं के लिए समान पुरस्कार राशि है।''

यह ऐतिहासिक पुरस्कार न केवल पुरुष और महिला खेलों के बीच समानता के ICC के दृष्टिकोण के अनुरूप है, बल्कि कैलेंडर में प्रमुख आयोजनों में से एक के रूप में महिला T20 विश्व कप की स्थिति को भी बढ़ाता है। महिला टी20 विश्व कप तीन अक्टूबर से संयुक्त अरब अमीरात में शुरू होगा। ICC महिला T20 विश्व कप 2024 के लिए एक ऐतिहासिक क्षण होने के लिए मंच तैयार है, क्योंकि दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमें प्रतिष्ठित खिताब और रिकॉर्ड तोड़ने वाले पुरस्कारों के लिए भिड़ेंगी।

सभी ग्रुप मैच 15 अक्टूबर से पहले पूरे हो जाएंगे, उसके बाद सभी की निगाहें 17 और 18 अक्टूबर को होने वाले सेमीफाइनल पर टिकी होंगी। सेमीफाइनल एक और दो की विजेता टीमें 20 अक्टूबर को महिला टी20 विश्व कप ट्रॉफी के लिए अंतिम मुकाबले में आमने-सामने होंगी।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com