

स्पोर्ट्स डेस्क, नवभारत: रणजी ट्रॉफी में हरियाणा के एक गेंदबाज ने गजब कारनामा कर दिखाया है। यह गेंदबाज अंशुल कंबोज हैं, जिन्होंने एक ही पारी में सभी 10 विकेट लेने का रिकॉर्ड बनाया है। रणजी ट्रॉफी के इतिहास में ऐसा करने वाले वे तीसरे गेंजबाज बन गए हैं। अंशुल हरियाणा की ओर से घरेलू क्रिकेट खेलते हैं और उन्होंने केरल के खिलाफ मैच के तीसरे दिन यह उपलब्धि हासिल की।
आपको बता दें कि अंशुल कंबोज आईपीएल में मुंबई इंडियंस की ओर से खेल चुके हैं, लेकिन उन्हें आईपीएल 2025 के लिए एमआई फ्रैंचाइज़ ने रिटेन नहीं किया है। अंशुल से पहले बंगाल के प्रेमांशु चटर्जी और राजस्थान के प्रदीप सुंदरम भी ये कमाल कर चुके हैं। केरल के खिलाफ पांचवें राउंड के मैच में अंशुल ने 30.1 ओवर डोले, जहां उन्होंने 49 रन देकर सभी 10 विकेट अपने नाम किए।
हरियाणा बनाम केरल मैच में दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक अंशुल ने 8 विकेट चटकाए थे, जबकि तीसरे दिन की सुबह उन्होंने बेसिल थम्पी और फिर शॉन रोजर के विकेट लेकर केरल को 291 के स्कोर पर रोक दिया। इससे पहले हरियाणा के लिए किसी गेंदबाज द्वारा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन जोगिंदर शर्मा के नाम था। जोगिंदर ने 2004-2005 सीजन में विदर्भ के खिलाफ एक पारी में 8 विकेट चटकाए थे।
अंशुल इस साल आईपीएल 2024 में मुंबई इंडियंस की ओर से खेलते नजर आए। उन्होंने 3 मैच खेले और 2 विकेट भी चटकाए। पहले सीजन में उनके प्रदर्शन की काफी सराहना हुई थी। अंशुल हरियाणा के करनाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपने प्रथम श्रेणी करियर में 18 मैचों में 47 विकेट चटकाए हैं।
अंशुल कंबोज हाल ही में इमर्जिंग टीम एशिया कप में इंडिया ए की ओर से खेलते नजर आए थे। वहीं, दुलीप ट्रॉफी 2024 में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन कर सनसनी मचा दी थी। दुलीप ट्रॉफी के दौरान उन्होंने एक ही पारी में 8 विकेट लेने का कारनामा किया था। वहीं, विजय हजारे ट्रॉफी में हरियाणा डिफेंडिंग चैंपियन है और अंशुल कंबोज ने 10 मैचों में 17 विकेट लेकर अपनी टीम को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी।